जल-जमाव व जर्जर सड़क को लेकर सपा कार्यकर्ताओं का अनोखा प्रदर्शन

सरकार पर कसा तंज, बोले - "कमल कीचड़ में ही खिलता है"
वाराणसी (रणभेरी): ककरमत्ता वार्ड नंबर 38 की जर्जर सड़कों और जल-जमाव की समस्या को लेकर स्थानीय जनता का सब्र अब टूटने लगा है। गुरुवार को क्षेत्रीय नागरिकों के साथ समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ताओं ने जोरदार विरोध प्रदर्शन किया।
इस प्रदर्शन का नेतृत्व अमन यादव, महानगर अध्यक्ष बाबा साहेब अंबेडकर वाहिनी (समाजवादी पार्टी) ने किया। विरोध जताने के लिए कार्यकर्ताओं और स्थानीय लोगों ने अनोखा तरीका अपनाया। उन्होंने सड़क पर भरे गड्ढों के गंदे पानी में स्नान कर नगर निगम की लापरवाही को उजागर किया। यही नहीं, गड्ढों में बीजेपी का झंडा गाड़कर यह संदेश दिया कि "कमल कीचड़ में ही खिलता है।"
इस मौके पर नेशनल इक्वल पार्टी की राष्ट्रीय अध्यक्ष (महिला सभा) श्रीमती वंदना सिंह भी मौजूद रहीं। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि जल्द ही सड़क मरम्मत और जल निकासी की समस्या का समाधान नहीं किया गया तो नगर आयुक्त के कार्यालय पर धरना-प्रदर्शन किया जाएगा। प्रदर्शन में स्थानीय निवासियों के साथ कई समाजवादी कार्यकर्ता भी शामिल हुए और नगर निगम प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की।