38 आईएएस अधिकारियों के तबादले में शासन ने दी नई जिम्मेदारी, गोरखपुर में सीडीओ के पद पर तैनात थे शाश्वत त्रिपुरारी
वाराणसी (रणभेरी): शासन ने देर रात 38 आईएएस अधिकारियों के तबादले करते हुए वाराणसी के नगर आयुक्त हिमांशु नागपाल को गाजियाबाद नगर निगम का नगर आयुक्त नियुक्त किया है। वहीं, उनकी जगह 2021 बैच के आईएएस अधिकारी शाश्वत त्रिपुरारी को वाराणसी का नया नगर आयुक्त बनाया गया है। इससे पहले शाश्वत त्रिपुरारी गोरखपुर में मुख्य विकास अधिकारी (सीडीओ) के पद पर तैनात थे। वाराणसी में उन्हें पहली बार तैनाती मिली है।
शाश्वत त्रिपुरारी करीब दो साल से गोरखपुर में सीडीओ की जिम्मेदारी संभाल रहे थे। इससे पहले वर्ष 2020 से 2023 तक वह गोरखपुर के कैंपियरगंज में एसडीएम के पद पर तैनात रहे। इस दौरान उन्होंने अवैध मिट्टी खनन के खिलाफ सख्त कार्रवाई की थी। उनके नेतृत्व में अवैध खनन पर प्रभावी अंकुश लगाने के प्रयास किए गए थे। उनकी कार्यशैली और निष्पक्ष फैसलों की उस समय काफी सराहना हुई थी।
वर्ष 2023-24 में अलीगढ़ में तैनाती के दौरान उन्होंने तहसील स्तर पर उत्तर प्रदेश की पहली महिला हेल्प डेस्क शुरू कराई थी। इसके माध्यम से महिलाओं से जुड़ी शिकायतों की तत्काल सुनवाई और निस्तारण की व्यवस्था की गई थी। इस पहल को शासन स्तर पर भी मॉडल के रूप में स्वीकार किया गया।
शाश्वत त्रिपुरारी उत्तर प्रदेश कैडर के 2021 बैच के आईएएस अधिकारी हैं। उन्होंने सिविल इंजीनियरिंग में बीटेक किया है। संघ लोक सेवा आयोग की सिविल सेवा परीक्षा उत्तीर्ण करने के बाद प्रशासनिक सेवा में आए शाश्वत को अब प्रधानमंत्री के संसदीय क्षेत्र वाराणसी जैसे महत्वपूर्ण शहर की नगर निगम व्यवस्था की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
चार साल तक वाराणसी में रहे हिमांशु नागपाल
2019 बैच के आईएएस अधिकारी हिमांशु नागपाल का वाराणसी से गाजियाबाद तबादला किया गया है। उन्हें गाजियाबाद नगर निगम का नया नगर आयुक्त बनाया गया है। हिमांशु नागपाल ने 22 सितंबर 2022 को वाराणसी में मुख्य विकास अधिकारी के रूप में कार्यभार संभाला था। इसके बाद 28 अक्टूबर 2025 को उन्हें वाराणसी का नगर आयुक्त नियुक्त किया गया।
उनके कार्यकाल में नगर निगम को राष्ट्रीय स्तर पर भी उपलब्धि मिली। उनके प्रयासों से वाराणसी नगर निगम को बेस्ट रिवर फ्रंट टाउन श्रेणी में देशभर में तीसरा स्थान हासिल हुआ। हिमांशु नागपाल उन चुनिंदा आईएएस अधिकारियों में शामिल हैं, जिन्होंने वाराणसी में सीडीओ और नगर आयुक्त दोनों महत्वपूर्ण पदों पर काम किया है। अब उनके स्थान पर शाश्वत त्रिपुरारी शहर की नगर निगम व्यवस्था की कमान संभालेंगे।
