- 200 मीटर तक घसीटा, रिंग सेरेमनी से लौट रहे परिवार पर कहर
- बोनट में फंसे चीखते रहे मां, मासूम और देवर, लेकिन नहीं रुकी थार
- गुस्साए लोगों ने किया पथराव-हंगामा, दो घंटे तक पुलिस और जनता आमने-सामने
वाराणसी (रणभेरी): मंडुवाडीह थाना क्षेत्र में प्रयागराज-वाराणसी हाईवे पर रविवार देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसे ने पूरे इलाके को दहला दिया। तेज रफ्तार थार ने बाइक सवार मां, उसकी पांच वर्षीय बेटी और देवर को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भयावह थी कि तीनों बाइक समेत थार के बोनट में फंस गए और वाहन करीब 200 मीटर तक उन्हें घसीटता चला गया। हादसे में मां-बेटी की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई, जबकि देवर गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना रात करीब साढ़े 11 बजे भुलनपुर स्थित होटल प्राइम लैंड के सामने हुई।
मिर्जामुराद के बेनीपुर निवासी मनोज राजभर की पत्नी सोनी राजभर अपनी पांच वर्षीय बेटी आराध्या और देवर मनीष के साथ मौसी की बेटी की रिंग सेरेमनी से लौट रही थीं। कार्यक्रम मोढैला गांव में आयोजित था। समारोह के बाद तीनों बाइक से घर लौट रहे थे, तभी पीछे से तेज रफ्तार थार ने बाइक में जोरदार टक्कर मार दी।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार हादसे के बाद भी चालक ने वाहन नहीं रोका। बाइक और लोग बोनट में फंस गए, लेकिन थार की रफ्तार बढ़ती रही। मां, बेटी और मनीष चीखते रहे, मगर चालक बेरहमी से वाहन दौड़ाता रहा। करीब 200 मीटर बाद बाइक पहियों में फंसने से थार रुक गई। इसके बाद आरोपी वाहन छोड़कर फरार हो गए। स्थानीय लोग दौड़कर मौके पर पहुंचे और घायलों को निकालने की कोशिश करने लगे, लेकिन तब तक काफी देर हो चुकी थी। करीब 15 मिनट तक बोनट में फंसी सोनी और मासूम आराध्या तड़पती रहीं और वहीं दम तोड़ दिया। गंभीर रूप से घायल मनीष को पहले निजी अस्पताल और बाद में ट्रॉमा सेंटर रेफर किया गया। उसके सिर और गर्दन में गंभीर चोटें आई हैं।
हादसे के बाद लोगों का गुस्सा फूट पड़ा। आक्रोशित भीड़ ने थार में तोड़फोड़ की और पुलिस पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए पथराव शुरू कर दिया। हाईवे पर जाम लग गया और करीब दो घंटे तक हंगामा चलता रहा। हालात बिगड़ते देख चार थानों की फोर्स मौके पर बुलानी पड़ी। काफी मशक्कत के बाद पुलिस ने लोगों को शांत कराया।
मृतका की सास हीरामनी ने बताया कि परिवार के चार लोग कार्यक्रम में गए थे। बाकी सदस्य पहले लौट आए थे, जबकि सोनी और मनीष बाद में निकले। देर रात तक घर न पहुंचने पर फोन किया गया तो एक डॉक्टर ने हादसे की सूचना दी। ट्रॉमा सेंटर पहुंचने पर बहू और पोती का शव देखकर परिवार में कोहराम मच गया।
एसीपी रोहनिया संजीव शर्मा ने बताया कि सीसीटीवी फुटेज और वाहन नंबर के आधार पर आरोपियों की तलाश की गई। वहीं एडीसीपी वरुणा लिपि नागयाच ने बताया कि हादसे में घायल थार चालक को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। पीड़ित पक्ष की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।
