वाराणसी में गंगा रेती पर प्रतिबंधित मांझे के खिलाफ पुलिस की कार्रवाई, चार युवक पकड़े गए; एक का चालान, तीन नाबालिगों को चेतावनी

वाराणसी में गंगा रेती पर प्रतिबंधित मांझे के खिलाफ पुलिस की कार्रवाई, चार युवक पकड़े गए; एक का चालान, तीन नाबालिगों को चेतावनी

वाराणसी (रणभेरी): गंगा रेती क्षेत्र में रविवार दोपहर प्रतिबंधित मांझे से पतंग उड़ाने की शिकायत मिलने पर पुलिस ने अभियान चलाकर कार्रवाई की। स्थानीय लोगों की सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस ने चार युवकों को हिरासत में लिया। जांच के दौरान उनके पास से प्रतिबंधित सेमी मांझा बरामद हुआ। पुलिस की दबिश पड़ते ही वहां मौजूद कई अन्य युवक मौके से भाग निकले।

पुलिस जांच में पता चला कि पकड़े गए चार युवकों में तीन नाबालिग थे। उन्हें भविष्य में ऐसी गलती दोबारा न करने की सख्त चेतावनी देकर अभिभावकों के सुपुर्द कर दिया गया, जबकि एक युवक के खिलाफ कानूनी कार्रवाई करते हुए चालान किया गया। बरामद प्रतिबंधित मांझे को भी पुलिस ने जब्त कर लिया।

हर रविवार गंगा रेती पर जुटते हैं पतंगबाज

स्थानीय लोगों का कहना है कि वाराणसी और पड़ोसी जनपद चंदौली से बड़ी संख्या में युवक प्रत्येक रविवार गंगा रेती पर पतंग उड़ाने पहुंचते हैं। पतंगबाजी खत्म होने के बाद मांझा रेती और आसपास के रास्तों में बिखरा रह जाता है, जिससे वहां आने-जाने वाले लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ता है।

सुबह और शाम टहलने वाले नागरिकों के अलावा गंगा स्नान के लिए जाने वाले श्रद्धालुओं के पैरों में कई बार मांझा उलझ जाता है। कई लोगों के पैर कटने की घटनाएं भी सामने आ चुकी हैं। लगातार हो रही ऐसी घटनाओं के बाद क्षेत्रीय लोगों ने पुलिस से कार्रवाई की मांग की थी।

पिछले सप्ताह भी हुआ था गंभीर हादसा

कुछ दिन पहले सामनेघाट पुल से रामनगर की ओर जाने वाले मार्ग पर प्रतिबंधित मांझे की चपेट में आने से तपोवन निवासी एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया था। मांझा उसके चेहरे पर लगने से आंख के नीचे और नाक के पास गहरा जख्म हो गया था। घायल को तत्काल लाल बहादुर शास्त्री अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां चिकित्सकों को कई टांके लगाने पड़े। इस घटना के बाद भी प्रतिबंधित मांझे का उपयोग जारी रहने से स्थानीय लोगों में नाराजगी बनी हुई है।

सूचना मिलते ही पहुंची पुलिस

रविवार को जैसे ही गंगा रेती पर पतंगबाजी शुरू हुई, स्थानीय लोगों ने इसकी जानकारी पुलिस को दी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंच गई। पुलिस की गाड़ियों को देखकर कई युवक वहां से भाग निकले, जबकि चार लोगों को मौके से पकड़ लिया गया। तलाशी के दौरान उनके पास से प्रतिबंधित सेमी मांझा बरामद हुआ।

पुलिस की अपील

थानाध्यक्ष संजय कुमार मिश्रा ने बताया कि पकड़े गए चार लोगों में तीन नाबालिग थे, जिन्हें चेतावनी देकर छोड़ दिया गया है। वहीं एक युवक के खिलाफ चालान की कार्रवाई की गई है। उन्होंने कहा कि प्रतिबंधित मांझे का उपयोग न केवल कानून का उल्लंघन है, बल्कि इससे आम लोगों की जान भी खतरे में पड़ सकती है। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि सुरक्षित और सामान्य धागे का ही इस्तेमाल करें तथा प्रतिबंधित मांझे से पूरी तरह दूरी बनाए रखें।

Share this news

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *