पति, बेटे और भांजे के खाने में एक साल तक मिलाती रही लेड पाउडर; तीनों की मेडिकल रिपोर्ट में हुई थी पॉइजनिंग की पुष्टि, पुलिस पूछताछ में पति को जहर देने की बात कबूली
(रणभेरी): इंदिरापुरम में परिवार के तीन सदस्यों को धीमा जहर देकर मारने की कथित साजिश का सनसनीखेज मामला सामने आया है। पुलिस ने इस मामले में 42 वर्षीय रेनू भटनागर को गिरफ्तार किया है। आरोप है कि वह करीब एक साल तक अपने पति, 16 वर्षीय बेटे और 21 वर्षीय भांजे के खाने में थोड़ी-थोड़ी मात्रा में सीसा (लेड) का पाउडर मिलाती रही। पुलिस के मुताबिक, आरोपी पति के ट्रैवल कारोबार पर कब्जा करना चाहती थी। इसके साथ ही पति के नाम पर मौजूद दो करोड़ रुपये की लाइफ इंश्योरेंस पॉलिसी की रकम हासिल करना भी उसकी साजिश का हिस्सा था।
पुलिस के अनुसार, आरोपी ने पूछताछ में पति को जहर देने की बात स्वीकार की है। हालांकि, मामले में नामजद अन्य लोगों की भूमिका की जांच अभी जारी है। पुलिस ने रेनू को 24 नवंबर 2026 को दिल्ली के विवेक विहार स्थित झिलमिल कॉलोनी से गिरफ्तार किया। वह अपनी बहन के घर पर रह रही थी।
ब्लड टेस्ट में खुला धीमे जहर का राज
वसुंधरा निवासी ट्रैवल कारोबारी सुशील कुमार भटनागर ने पुलिस को बताया कि 21 अगस्त 2025 को अचानक उनकी तबीयत बिगड़ गई थी। निजी जांच केंद्र में ब्लड टेस्ट कराने पर शरीर में लेड की मात्रा सामान्य से काफी अधिक मिली। इसके बाद उन्हें वैशाली स्थित मैक्स अस्पताल में भर्ती कराया गया। हालत गंभीर होने पर उन्हें आईसीयू में भी रखना पड़ा। करीब दो महीने तक उनका इलाज चला।
डॉक्टरों ने जांच के बाद क्रॉनिक लेड पॉइजनिंग की पुष्टि की। अस्पताल से छुट्टी मिलने के बाद भी उनकी तबीयत दोबारा बिगड़ गई और उन्हें फिर भर्ती कराना पड़ा। कुछ समय बाद उनका बेटा वंश और भांजा देव भटनागर भी बीमार पड़ गए। तीनों को स्वस्थ होने में कई सप्ताह लगे। मेडिकल रिपोर्ट में तीनों के शरीर में लेड की अधिकता सामने आने के बाद सुशील को पत्नी पर शक हुआ।
बेटी के बयान से पुलिस को मिला सुराग
ट्रांस हिंडन के डीसीपी रिजुल के मुताबिक, शुरुआत में सुशील के पास पत्नी के खिलाफ कोई ठोस सबूत नहीं था। सितंबर 2026 के पहले सप्ताह में उनकी 12 वर्षीय बेटी ने पुलिस को बताया कि उसकी मां रेनू पहले ही अपने और बेटी के लिए खाना अलग रख देती थी। इसके बाद परिवार के अन्य सदस्यों को परोसे जाने वाले खाने पर कुछ छिड़कती थी।
सुशील ने जब पत्नी से इस बारे में सवाल किया तो उसने कोई जवाब नहीं दिया। इसके बाद वह दिल्ली में अपनी बहन के घर चली गई। 24 सितंबर 2026 को सुशील ने इंदिरापुरम थाने में शिकायत दर्ज कराई।
पुलिस ने शिकायत के आधार पर बीएनएस की धारा 109 (हत्या का प्रयास), 123 (जहर या नशीली चीज देकर नुकसान पहुंचाना) और 61(2) (आपराधिक साजिश) के तहत मुकदमा दर्ज किया। शिकायत में रेनू के अलावा उसकी मां लता सक्सेना, भाई रवि सक्सेना, जीजा सुशील गिरधर और परिचित बब्लू को भी नामजद किया गया है।
पांच से छह करोड़ रुपये का था सालाना कारोबार
पुलिस पूछताछ में सामने आया कि रेनू अपने पति के ट्रैवल कारोबार पर पूरा नियंत्रण चाहती थी। सुशील के कारोबार का सालाना टर्नओवर करीब पांच से छह करोड़ रुपये बताया गया है। भांजा देव इस कारोबार की देखरेख करता था। पुलिस के मुताबिक, रेनू ने पति के साथ देव को भी रास्ते से हटाने की योजना बनाई थी।
आरोप है कि बेटे वंश को भी इसलिए निशाना बनाया गया, क्योंकि वह हमेशा अपने पिता का पक्ष लेता था। इसके अलावा सुशील के नाम पर दो करोड़ रुपये की लाइफ इंश्योरेंस पॉलिसी थी, जिसमें रेनू नॉमिनी थी। एसीपी अभय डागा के मुताबिक, पति की संपत्ति और बीमा की रकम के लालच में रेनू ने उन्हें धीमा जहर देने की बात स्वीकार की है।
पिता की ज्वैलरी दुकान से लेड मिलने का शक
पुलिस जांच में यह भी सामने आया है कि रेनू के पिता की ज्वैलरी की दुकान है। यहां धातुओं की ढलाई से जुड़े काम में लेड का इस्तेमाल होता है। पुलिस जांच कर रही है कि आरोपी ने सीसे का पाउडर इसी दुकान से हासिल किया था या कहीं और से इसकी व्यवस्था की थी। पुलिस के मुताबिक, सितंबर में घर छोड़ने से पहले रेनू ने कथित तौर पर जहर को कूड़ेदान में फेंक दिया था। पुलिस इस मामले में अन्य नामजद लोगों की भूमिका और जहर की खरीद से जुड़े पहलुओं की भी जांच कर रही है।
लंबे समय तक लेड शरीर में जमा होने से हो सकता है जानलेवा नुकसान
चिकित्सकों के मुताबिक, सीसा एक जहरीली धातु है। इसकी थोड़ी-थोड़ी मात्रा लंबे समय तक शरीर में पहुंचने से भी गंभीर स्वास्थ्य समस्याएं हो सकती हैं। क्रॉनिक लेड पॉइजनिंग के शुरुआती लक्षण स्पष्ट नहीं होते, लेकिन धीरे-धीरे यह पाचन तंत्र, तंत्रिका तंत्र, हृदय और प्रजनन प्रणाली को प्रभावित कर सकती है।
संजय नगर अस्पताल के पूर्व सीएमएस डॉ. संजय तियोतिया के मुताबिक, शरीर में सीसे की मात्रा बहुत अधिक होने या समय पर इलाज नहीं मिलने पर मरीज की मौत तक हो सकती है। गंभीर स्थिति में दौरे पड़ने, कोमा और मस्तिष्क को स्थायी नुकसान पहुंचने का खतरा रहता है।
कोडाथाई साइनाइड हत्याकांड की याद दिलाता है मामला
गाजियाबाद का यह मामला केरल के चर्चित कोडाथाई साइनाइड हत्याकांड की याद दिलाता है। इस मामले में जॉली जोसेफ पर 2002 से 2016 के बीच अपने परिवार के छह सदस्यों की हत्या करने का आरोप लगा था। जांचकर्ताओं के मुताबिक, उसने कथित तौर पर खाने-पीने की चीजों में साइनाइड मिलाकर पांच लोगों की हत्या की थी। एक अन्य हत्या में पशु चिकित्सा में इस्तेमाल होने वाले जहर के प्रयोग का आरोप था। जॉली को अक्टूबर 2019 में गिरफ्तार किया गया था। उसके खिलाफ छह हत्या के मामले दर्ज हैं और फिलहाल वह विचाराधीन कैदी के रूप में जेल में बंद है। मामले की सुनवाई जारी है।
