सिगरा, रोहनिया, आदमपुर समेत कई थानों के प्रभारी हटाए गए, पुलिस महानिदेशक मुख्यालय ने जारी किया आदेश
वाराणसी (रणभेरी): विधानसभा सामान्य निर्वाचन-2027 की तैयारियों के बीच वाराणसी पुलिस कमिश्नरेट में बड़ा फेरबदल किया गया है। पुलिस महानिदेशक मुख्यालय, उत्तर प्रदेश, लखनऊ की ओर से 25 नवंबर को जारी आदेश में वाराणसी में तैनात 23 निरीक्षक नागरिक पुलिस का गैरजनपद तबादला कर दिया गया है। स्थानांतरित किए गए सभी निरीक्षक विभिन्न थानों में प्रभारी के रूप में तैनात थे। इनमें सिगरा, रोहनिया और आदमपुर समेत कई प्रमुख थानों के प्रभारी शामिल हैं।
आदेश के मुताबिक, जिन निरीक्षकों ने एक ही जनपद में तीन वर्ष की सेवा पूरी कर ली है अथवा 31 मई 2027 तक पिछले चार वर्षों में तीन वर्ष की अवधि पूरी करने वाले हैं और जिनका जोन, जनपद या कमिश्नरेट स्तर पर समायोजन नहीं हो सका है, उन्हें पुलिस स्थापना बोर्ड के अनुमोदन के बाद स्थानांतरित किया गया है। यह कार्रवाई आगामी विधानसभा चुनाव को निष्पक्ष और पारदर्शी तरीके से संपन्न कराने के लिए निर्वाचन आयोग की गाइडलाइन के तहत की गई है।
एक साथ 23 निरीक्षकों के तबादले से कमिश्नरेट के कई थानों की कमान बदल गई है। नए प्रभारियों की तैनाती होने तक संबंधित थानों की व्यवस्था वैकल्पिक प्रभारियों के भरोसे रहेगी। तबादला सूची में मिथिलेश कुमार श्रीवास्तव, अरुण कुमार तिवारी, विजय कुमार शुक्ला, दिनेश कुमार यादव, कृष्ण प्रताप यादव, सुनील कुमार सिन्हाल, साधुवन राम, अजीत कुमार वर्मा, अरविंद कुमार सरोज, शिवाधारी, शिवाकांत मिश्र, प्रमोद कुमार पांडेय, उदयवीर सिंह, अजयराज वर्मा, राजकुमार, सुनील कुमार, गोपाल कन्हैया, विमल कुमार मिश्र, राजू सिंह, विवेक कुमार, कृष्ण चंद्र मिश्रा, मो. आसिफ सिद्दीकी और दयाशंकर सिंह के नाम शामिल हैं।
