सामनेघाट की सीढ़ियों पर शराब पीकर शोर मचा रहे थे युवक, विरोध करने पर रेलिंग से नीचे खींचकर किया हमला
वाराणसी (रणभेरी): लंका थाना क्षेत्र के सामनेघाट स्थित जजेज गेस्ट हाउस के पीछे घाट की सीढ़ियों पर शराब पीकर हंगामा कर रहे युवकों को रोकना सुरक्षा में तैनात आरक्षी को भारी पड़ गया। विरोध करने पर युवकों ने आरक्षी के साथ गाली-गलौज करते हुए मारपीट की और उसे रेलिंग से नीचे खींच लिया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने मौके से भाग रहे तीन आरोपितों को दौड़ाकर पकड़ लिया।
जानकारी के अनुसार, रिजर्व पुलिस लाइन में तैनात आरक्षी पंकज जायसवाल की ड्यूटी जजेज गेस्ट हाउस की सुरक्षा में लगी है। आरोप है कि 26 नवंबर की रात करीब आठ बजे गेस्ट हाउस के पीछे घाट की सीढ़ियों पर सात से आठ अज्ञात लोग बैठकर शराब पी रहे थे और शोर मचा रहे थे। इसकी शिकायत गेस्ट हाउस के कर्मचारियों ने आरक्षी से की। इस पर पंकज जायसवाल मौके पर पहुंचे और युवकों को वहां से जाने के लिए कहा।
आरोप है कि इस बात से नाराज युवक आरक्षी के साथ गाली-गलौज करने लगे और मारपीट पर उतारू हो गए। विरोध करने पर आरोपितों ने उन्हें रेलिंग से नीचे खींच लिया और हमला कर दिया। शोर सुनकर गेस्ट हाउस के कर्मचारियों ने लंका पुलिस को सूचना दी। पुलिस के पहुंचते ही आरोपित भागने लगे, लेकिन पुलिसकर्मियों ने पीछा कर तीन लोगों को पकड़ लिया।
पकड़े गए आरोपितों की पहचान दिव्यानन्द द्विवेदी निवासी केदारेश्वर नगर कॉलोनी, सामनेघाट, लंका, वाचस्पति नन्दन निवासी मारुतिनगर कॉलोनी, लंका और आदित्य राय निवासी ग्राम असाव, थाना नोनहरा, गाजीपुर (वर्तमान पता शिवाजीनगर कॉलोनी, लंका) के रूप में हुई। भागने के दौरान दिव्यानन्द को चोट भी लगी।
लंका थाना प्रभारी निरीक्षक राजकुमार शर्मा ने बताया कि आरोपितों के खिलाफ सरकारी कार्य में बाधा डालने, मारपीट और धमकी देने के आरोप में मुकदमा दर्ज कर जांच की जा रही है। तीनों का मेडिकल परीक्षण कराने के बाद न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया।
