रूसी भाषा के सर्टिफिकेट कोर्स ने खोला अंतरराष्ट्रीय शिक्षा का रास्ता, एमए इन इकोनॉमिक्स की करेंगे पढ़ाई
वाराणसी (रणभेरी): महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ के छात्र आयुष मौर्य ने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर विश्वविद्यालय का नाम रोशन किया है। उन्हें रूस के प्रतिष्ठित कोज्मा मिनिन निझनी नोवगोरद स्टेट पेडागोजिकल विश्वविद्यालय में एमए इन इकोनॉमिक्स में दाखिला मिला है। खास बात यह है कि आयुष ने काशी विद्यापीठ के अंग्रेजी एवं अन्य विदेशी भाषा विभाग से रूसी भाषा का सर्टिफिकेट कोर्स किया है। इस उपलब्धि को दोनों विश्वविद्यालयों के बीच शैक्षणिक सहयोग का महत्वपूर्ण परिणाम माना जा रहा है।
दरअसल, पिछले वर्ष महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ और रूस के कोज्मा मिनिन विश्वविद्यालय के बीच समझौता ज्ञापन (एमओयू) हुआ था। इसके तहत अंग्रेजी एवं अन्य विदेशी भाषा विभाग में रूसी विश्वविद्यालय का केंद्र स्थापित किया गया। वर्ष 2025 और 2026 में रूसी विश्वविद्यालय की प्रोफेसरों ने यहां रूसी भाषा और संस्कृति से संबंधित विभिन्न पाठ्यक्रम संचालित किए। इससे विद्यार्थियों में रूसी भाषा सीखने और रूस में उच्च शिक्षा प्राप्त करने के प्रति रुचि बढ़ी है।

सर्टिफिकेट कोर्स से मिली नई राह
आयुष मौर्य विभाग के ‘सर्टिफिकेट ऑफ प्रोफिशिएंसी इन रशियन लैंग्वेज’ कार्यक्रम के विद्यार्थी रहे हैं। इस दौरान उन्होंने रूसी भाषा और संस्कृति की जानकारी हासिल की। इसी अनुभव ने उनके लिए रूस में उच्च शिक्षा का रास्ता आसान बनाया। विभाग के अनुसार, कई अन्य विद्यार्थी भी आगामी शैक्षणिक सत्र में रूस के विश्वविद्यालयों में प्रवेश पाने की तैयारी कर रहे हैं। ऐसे में आयुष की उपलब्धि दूसरे विद्यार्थियों के लिए भी प्रेरणास्रोत बनेगी।
मॉस्को के अंतरराष्ट्रीय मंच पर पहुंचीं विभागाध्यक्ष
विभागाध्यक्ष डॉ. नीरज धनकड़ ने रूसी शिक्षा मंत्रालय के विशेष आमंत्रण पर मॉस्को में आयोजित द्वितीय अंतरराष्ट्रीय रूसी भाषा फोरम में भाग लिया। इस दौरान उन्होंने काशी विद्यापीठ के विद्यार्थियों में रूसी भाषा के प्रति बढ़ती रुचि और विश्वविद्यालय में संचालित शैक्षणिक गतिविधियों की जानकारी साझा की। निदेशक आउटरीच प्रो. संजय ने इसे विश्वविद्यालय के अंतरराष्ट्रीय शैक्षणिक सहयोग की दिशा में महत्वपूर्ण उपलब्धि बताया। उन्होंने कहा कि कुलपति प्रो. आनंद कुमार त्यागी के मार्गदर्शन में विश्वविद्यालय विदेशी शिक्षण संस्थानों के साथ सहयोग को लगातार विस्तार दे रहा है।
