यूपी में आज 35 करोड़ पौधारोपण का महाअभियान, गोरखपुर से सीएम योगी ने किया शुभारंभ; पर्यावरण संरक्षण का दिया संदेश

यूपी में आज 35 करोड़ पौधारोपण का महाअभियान, गोरखपुर से सीएम योगी ने किया शुभारंभ; पर्यावरण संरक्षण का दिया संदेश

(रणभेरी): उत्तर प्रदेश में रविवार को राज्यव्यापी वृहद पौधारोपण अभियान के तहत एक ही दिन में 35 करोड़ पौधे लगाने का लक्ष्य रखा गया। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सुबह करीब 8:30 बजे गोरखपुर से ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान का शुभारंभ करते हुए स्वयं नीम, पीपल और बरगद के पौधे रोपे। पौधारोपण के बाद उन्होंने पौधों के साथ मोबाइल से तस्वीर भी ली और पर्यावरण संरक्षण के संदेश के प्रतीक स्वरूप रंग-बिरंगे गुब्बारे आसमान में छोड़े।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने लोगों से अपील की कि केवल पौधे लगाना ही पर्याप्त नहीं है, बल्कि उनकी नियमित देखभाल और संरक्षण भी उतना ही आवश्यक है। उन्होंने कहा कि प्रत्येक व्यक्ति यदि अपनी मां के सम्मान में एक पौधा लगाए और उसकी जिम्मेदारी निभाए, तो आने वाली पीढ़ियों को स्वच्छ और सुरक्षित पर्यावरण मिल सकेगा।

यूपी में आज 35 करोड़ पौधारोपण का महाअभियान, गोरखपुर से सीएम योगी ने किया शुभारंभ; पर्यावरण संरक्षण का दिया संदेश

मुख्यमंत्री ने कहा कि इस वर्ष मानसून के आगमन में लगभग एक महीने की देरी हुई, जिसका असर खेती-किसानी पर भी पड़ा है। उन्होंने कहा कि बदलता मौसम और जलवायु परिवर्तन आज पूरी दुनिया के लिए गंभीर चुनौती बन चुके हैं। कहीं अत्यधिक गर्मी तो कहीं कड़ाके की सर्दी सामान्य होती जा रही है। वैश्विक स्तर पर लगातार ग्लोबल वार्मिंग को लेकर चेतावनियां दी जा रही हैं और यदि समय रहते प्रकृति के संरक्षण की दिशा में कदम नहीं उठाए गए तो इसके गंभीर परिणाम सामने आ सकते हैं।

उन्होंने कहा कि दुनिया के कई समुद्री तटीय शहरों पर प्राकृतिक संकट का खतरा बढ़ रहा है, जबकि कई बड़े शहर प्रदूषण के कारण गैस चैंबर जैसी स्थिति का सामना कर रहे हैं। प्रदूषित वातावरण की वजह से बुजुर्गों और बीमार लोगों को घर से बाहर निकलने तक से बचने की सलाह दी जाती है। मुख्यमंत्री ने कहा कि अंधाधुंध पेड़ों की कटाई और जल स्रोतों के लगातार खत्म होने का दुष्परिणाम पूरी मानवता भुगत रही है। इसलिए पर्यावरण संरक्षण को जन आंदोलन बनाना समय की सबसे बड़ी आवश्यकता है।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बताया कि प्रदेश सरकार ने पिछले नौ वर्षों में व्यापक स्तर पर पौधारोपण अभियान चलाया है। इस अवधि में 242 करोड़ से अधिक पौधे लगाए जा चुके हैं। उन्होंने कहा कि वृक्षारोपण के साथ-साथ स्वच्छ ऊर्जा को बढ़ावा देने के लिए भी सरकार लगातार काम कर रही है। इसी क्रम में उज्ज्वला योजना के माध्यम से करोड़ों परिवारों को रसोई गैस कनेक्शन उपलब्ध कराए गए, जिससे महिलाओं को धुएं से राहत मिली और स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं में कमी आई।

यूपी में आज 35 करोड़ पौधारोपण का महाअभियान, गोरखपुर से सीएम योगी ने किया शुभारंभ; पर्यावरण संरक्षण का दिया संदेश

कार्यक्रम में मौजूद गोरखपुर के सांसद रवि किशन ने मुख्यमंत्री की कार्यशैली की सराहना करते हुए कहा कि वह स्वयं फिल्म जगत से जुड़े हैं, लेकिन मुख्यमंत्री योगी विकास की नई तस्वीर गढ़ने वाले बड़े कलाकार हैं। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री के दूरदर्शी नेतृत्व में प्रदेश में आधारभूत सुविधाओं का तेजी से विस्तार हुआ है और औद्योगिक क्षेत्रों का विकास हो रहा है। उन्होंने यह भी कहा कि वर्तमान सरकार का लक्ष्य युवाओं को रोजगार उपलब्ध कराना और प्रदेश को विकास की नई ऊंचाइयों तक पहुंचाना है।

प्रदेशभर में रविवार को सरकारी विभागों, जनप्रतिनिधियों, स्वयंसेवी संस्थाओं, विद्यालयों, कॉलेजों तथा आम नागरिकों की सहभागिता से बड़े स्तर पर पौधारोपण किया जा रहा है। सरकार का उद्देश्य हरित आवरण बढ़ाने के साथ-साथ लोगों को पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक करना और जनभागीदारी के माध्यम से वृक्षों के संरक्षण की संस्कृति को मजबूत करना है।

Share this news

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *