(रणभेरी): उत्तर प्रदेश शासन ने पुलिस महकमे में एक बार फिर बड़े स्तर पर तबादले किए हैं। शासन की ओर से जारी सूची के अनुसार 18 अपर पुलिस अधीक्षकों के कार्यक्षेत्र में बदलाव किया गया है। इसके अलावा 10 आईपीएस अधिकारियों का भी तबादला किया गया है। इस फेरबदल में कई जिलों के अपर पुलिस अधीक्षकों को नई जिम्मेदारी सौंपी गई है, जबकि कुछ अधिकारियों को विभिन्न वाहिनियों और पुलिस मुख्यालय में तैनाती दी गई है।
जारी आदेश के मुताबिक, कुमार रणविजय सिंह को मुरादाबाद से आजमगढ़ में अपर पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) बनाया गया है। अनूप कुमार को मऊ से सोनभद्र भेजा गया है, जबकि देवेंद्र सिंह प्रथम को 39वीं वाहिनी पीएसी मिर्जापुर से शाहजहांपुर में अपर पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) की जिम्मेदारी दी गई है। इंदुप्रभा सिंह को अपर पुलिस उपायुक्त, कमिश्नरेट लखनऊ नियुक्त किया गया है।
इसी क्रम में अतुल कुमार चौबे को मुजफ्फरनगर से मथुरा में अपर पुलिस अधीक्षक (सुरक्षा), ममता कुरील को अलीगढ़ से मुजफ्फरनगर में अपर पुलिस अधीक्षक (यातायात) और गिरीश कुमार सिंह को फतेहगढ़ से अलीगढ़ में अपर पुलिस अधीक्षक (अपराध) बनाया गया है। पियूष कुमार सिंह को गाजियाबाद से मैनपुरी और अभिषेक तिवारी को मैनपुरी से मुरादाबाद में अपर पुलिस अधीक्षक (नगर) के पद पर तैनाती दी गई है।
वहीं, नितिन कुमार सिंह को 49वीं वाहिनी पीएसी गौतमबुद्धनगर से पीटीएस मुरादाबाद भेजा गया है। श्रेष्ठा को एटीएस लखनऊ से 49वीं वाहिनी पीएसी गौतमबुद्धनगर और नवीना शुक्ला को एएनटीएफ मुख्यालय से एसीओ मुख्यालय स्थानांतरित किया गया है। नवीन कुमार सिंह को कमिश्नरेट लखनऊ से पुलिस महानिदेशक मुख्यालय में स्टाफ ऑफिसर बनाया गया है।
इसके अलावा विभा सिंह को पीटीएस मेरठ से छठी वाहिनी पीएसी मेरठ और राघवेंद्र कुमार मिश्रा को छठी वाहिनी पीएसी मेरठ से पांचवीं वाहिनी एसएसएफ सहारनपुर भेजा गया है। अरुण कुमार सिंह द्वितीय को यातायात निदेशालय लखनऊ से आजमगढ़, डॉ. हृदेश कठेरिया को बदायूं से यातायात निदेशालय लखनऊ और पंकज कुमार श्रीवास्तव को आजमगढ़ से मऊ में अपर पुलिस अधीक्षक के पद पर तैनाती दी गई है। शासन के इस फैसले से प्रदेश के कई जिलों और पुलिस इकाइयों में अधिकारियों की जिम्मेदारियों में बदलाव होगा।

