(रणभेरी): मिर्जामुराद में लोक समिति के तत्वावधान में बुधवार को महिला हिंसा विरोधी पखवाड़े की शुरुआत हुई। इस मौके पर प्रतापपुर गांव में महिला हिंसा और लैंगिक भेदभाव के खिलाफ जागरूकता रैली निकाली गई। रैली में सैकड़ों महिलाओं, किशोरियों और ग्रामीणों ने हिस्सा लेकर महिला अधिकारों के समर्थन में आवाज बुलंद की।
रैली के दौरान ‘चुप नहीं रहना है, हिंसा नहीं सहना है’, ‘बाल विवाह बंद करो’, ‘महिला हिंसा बंद करो’, ‘दहेज प्रथा पर रोक लगाओ’ और ‘यौन हिंसा पर रोक लगाओ’ जैसे नारों से गांव का माहौल गूंज उठा।
अंतरराष्ट्रीय स्तर पर मनाए जा रहे महिला हिंसा विरोधी पखवाड़े के तहत आयोजित इस कार्यक्रम का आयोजन 25 नवंबर से 16 दिसंबर तक किया जाएगा। इस वर्ष पखवाड़े का संदेश ‘भेदभाव मिटाएंगे, नया समाज बनाएंगे’ रखा गया है।

इस अवसर पर महिलाओं ने कहा कि समाज में महिलाओं के खिलाफ होने वाली हिंसा पर खुलकर बात करना जरूरी है। इसके लिए सभी को एकजुट होकर प्रयास करना होगा। लोक समिति के संयोजक नंदलाल मास्टर ने कहा कि महिला हिंसा को समाप्त करने के लिए पुरुष प्रधान व्यवस्था में बदलाव लाना जरूरी है। महिलाओं को अब किसी भी तरह की हिंसा चुपचाप सहने के बजाय उसका विरोध करना चाहिए। उन्होंने महिलाओं से सवाल पूछने की आदत विकसित करने, जागरूक रहने और अंधविश्वास जैसी कुरीतियों को तोड़ने की अपील की। रैली में अनीता, सोनी, रामबचन, मनीषा, आशा राय, वंदना, ऊषा राय, दुर्गावती, कुसुम, आरती, अर्चना, रेनू सहित गांव की बड़ी संख्या में महिलाएं और किशोरियां शामिल रहीं।
