विधायक सुशील सिंह के काफिले में घुसी बेकाबू स्कॉर्पियो, चार युवक गंभीर घायल

विधायक सुशील सिंह के काफिले में घुसी बेकाबू स्कॉर्पियो, चार युवक गंभीर घायल

फॉर्च्यूनर समेत कई वाहनों को मारी टक्कर, बाल-बाल बचे भाजपा विधायक; सुशील सिंह ने जताई साजिश की आशंका

(रणभेरी): चंदौली जिले में सोमवार देर शाम एक बेकाबू स्कॉर्पियो भाजपा विधायक सुशील सिंह के काफिले में घुस गई। स्कॉर्पियो ने विधायक की फॉर्च्यूनर समेत काफिले की कई गाड़ियों को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में कई वाहन क्षतिग्रस्त हो गए, जबकि स्कॉर्पियो सवार चार युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। गनीमत रही कि विधायक सुशील सिंह इस हादसे में बाल-बाल बच गए। घटना के बाद विधायक ने इसे सामान्य सड़क दुर्घटना मानने से इनकार करते हुए सुनियोजित साजिश की आशंका जताई है।

जानकारी के मुताबिक, सोमवार देर शाम स्कॉर्पियो सवार चार युवक घर से खाना लेकर अलीनगर स्थित एक निजी अस्पताल जा रहे थे। अस्पताल में भर्ती एक महिला की डिलीवरी के सिलसिले में उन्हें खाना पहुंचाना था। इसी दौरान रास्ते में स्कॉर्पियो अचानक अनियंत्रित हो गई और एक के बाद एक कई वाहनों को टक्कर मारते हुए विधायक सुशील सिंह के काफिले तक पहुंच गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि विधायक की फॉर्च्यूनर समेत कई वाहन क्षतिग्रस्त हो गए। एक क्लासिक वाहन को भी नुकसान पहुंचने की बात सामने आई है।

स्कॉर्पियो सवार चार युवक गंभीर घायल

हादसे में स्कॉर्पियो सवार चार युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। उनकी पहचान पंकज यादव, प्रिंस यादव, सजीवन और सोनल यादव के रूप में हुई है। चारों सैयदराजा थाना क्षेत्र के बंशीपुर गांव के निवासी बताए जा रहे हैं। दुर्घटना के बाद मौके पर जुटे लोगों ने घायलों को अस्पताल पहुंचाया, जहां उनका उपचार चल रहा है।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, टक्कर के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। एक साथ कई वाहनों के क्षतिग्रस्त होने से कुछ देर तक यातायात भी प्रभावित रहा। शुरुआती जानकारी में स्कॉर्पियो सवार युवकों के नशे में होने की आशंका जताई जा रही है। हालांकि, पुलिस ने इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं की है। मेडिकल जांच रिपोर्ट आने के बाद ही स्थिति स्पष्ट होगी।

विधायक ने जताई सुनियोजित साजिश की आशंका

हादसे के बाद भाजपा विधायक सुशील सिंह ने घटना को लेकर गंभीर सवाल उठाए हैं। उनका कहना है कि स्कॉर्पियो ने उनके काफिले की चार गाड़ियों को लगातार टक्कर मारी। ऐसे में इसे महज सड़क दुर्घटना मानना उचित नहीं है। विधायक ने आशंका जताई कि उन्हें नुकसान पहुंचाने के इरादे से इस घटना को अंजाम दिया गया हो सकता है। उन्होंने पुलिस को शिकायत देकर पूरे मामले की निष्पक्ष और गंभीरता से जांच कराने की मांग की है।

नशे और साजिश समेत सभी पहलुओं की जांच

सदर कोतवाल त्रिवेणी सिंह के मुताबिक, दुर्घटना में घायल सभी युवकों का उपचार कराया जा रहा है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है। स्कॉर्पियो की रफ्तार, चालक की स्थिति, दुर्घटना के कारण और युवकों के नशे में होने के आरोपों की पड़ताल की जा रही है। विधायक की ओर से साजिश की आशंका जताए जाने के बाद पुलिस इस पहलू को भी जांच में शामिल कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि मेडिकल रिपोर्ट और अन्य साक्ष्यों के आधार पर ही दुर्घटना की वास्तविक वजह स्पष्ट हो सकेगी।

Share this news

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *