जयमाल के बाद दुल्हन ने शादी से किया इनकार, अंगुली कटी होने की बात छिपाने का आरोप

जयमाल के बाद दुल्हन ने शादी से किया इनकार, अंगुली कटी होने की बात छिपाने का आरोप

चढ़ावे में सोने के बजाय चांदी के जेवर मिलने पर भी भड़का कन्या पक्ष; पंचायत के बाद खर्च की रकम मिलने पर दूल्हे को छोड़ा

(रणभेरी): करधना गांव में सोमवार की रात शादी समारोह के दौरान जयमाल की रस्म पूरी होने के बाद अचानक विवाद हो गया। दूल्हे के एक हाथ की अंगुली कटी होने की बात सामने आने पर दुल्हन ने शादी करने से इनकार कर दिया। इसके बाद मंडप में होने वाली शादी की रस्में रोक दी गईं और बरात बिना दुल्हन के ही लौट गई। हालांकि, कन्या पक्ष के लोगों ने शादी में हुए खर्च की भरपाई के लिए दूल्हे को घर में रोक लिया। मंगलवार शाम दोनों पक्षों के बीच पंचायत के बाद खर्च की रकम दिए जाने पर दूल्हे को छोड़ा गया। इस दौरान पुलिस भी मौके पर पहुंची थी।

जानकारी के अनुसार, मिर्जामुराद थाना क्षेत्र के चक्रपानपुर गांव से करधना गांव में बरात आई थी। कन्या पक्ष के लोगों ने बरातियों का स्वागत किया। द्वारपूजा के बाद दूल्हा और दुल्हन जयमाल के स्टेज पर पहुंचे, जहां दोनों ने एक-दूसरे को माला पहनाई। इसके बाद मंडप में शादी की तैयारियां शुरू हो गईं। इसी बीच दूल्हा पक्ष की ओर से चढ़ावे के कपड़े और जेवरात मंडप में रखे गए। आरोप है कि सोने के जेवरात की जगह केवल चांदी के आभूषण रखे गए थे।

इसी दौरान दुल्हन की नजर दूल्हे के हाथ की कटी हुई अंगुली पर पड़ी। उसने इसकी जानकारी घरवालों को दी और शादी करने से साफ इनकार कर दिया।

दुल्हन के इस फैसले के बाद कन्या पक्ष के लोग नाराज हो गए। उनका आरोप था कि दूल्हे के हाथ की अंगुली कटी होने की बात पहले से छिपाई गई थी। चढ़ावे में सोने के बजाय चांदी के जेवरात मिलने से भी नाराजगी बढ़ गई। देखते ही देखते विवाद बढ़ा और मंडप से शादी उठ गई।

शादी टूटने के बाद कन्या पक्ष के लोगों ने विवाह में हुए खर्च की भरपाई की मांग करते हुए दूल्हे को अपने घर में रोक लिया। मंगलवार को दोनों पक्षों के लोगों की मौजूदगी में पंचायत हुई। पंचायत में खर्च की रकम दिए जाने पर सहमति बनी, जिसके बाद मंगलवार शाम दूल्हे को छोड़ दिया गया।

Share this news

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *