देव दीपावली पर काशी आने से पहले जान लें ट्रैफिक प्लान, 57 स्थानों पर होगी पार्किंग; दोपहर दो बजे तक पहुंचने की सलाह

देव दीपावली पर काशी आने से पहले जान लें ट्रैफिक प्लान, 57 स्थानों पर होगी पार्किंग; दोपहर दो बजे तक पहुंचने की सलाह

वाराणसी (रणभेरी): काशी की विश्वप्रसिद्ध देव दीपावली को लेकर तैयारियां तेज हो गई हैं। 24 नवंबर को लाखों श्रद्धालुओं और पर्यटकों के पहुंचने की संभावना को देखते हुए प्रशासन ने सुरक्षा और यातायात व्यवस्था के विशेष इंतजाम किए हैं। शहर में कई मार्गों पर वाहनों का प्रवेश प्रतिबंधित रहेगा, जबकि श्रद्धालुओं के लिए 57 स्थानों पर पार्किंग की व्यवस्था की गई है। पार्किंग से घाटों तक पहुंचने के लिए लोगों को पैदल चलना पड़ सकता है। ऐसे में देव दीपावली देखने आने वाले पर्यटकों को सलाह दी गई है कि वे दोपहर दो बजे तक निर्धारित पार्किंग स्थलों पर पहुंच जाएं, ताकि भीड़ से बचते हुए समय पर घाटों तक पहुंच सकें।

देव दीपावली पर गंगा के अस्सी घाट से नमो घाट तक दीपों की अद्भुत छटा देखने को मिलेगी। दशाश्वमेध, राजेंद्र प्रसाद और अस्सी घाट पर गंगा आरती का विशेष आकर्षण रहेगा, जबकि चेतसिंह किले पर 3डी प्रोजेक्शन और लेजर शो आयोजित किया जाएगा। ऐसे में पर्यटकों को अपनी पसंद के अनुसार घाट और कार्यक्रम का स्थान पहले से तय करने की सलाह दी गई है।

दीप प्रज्ज्वलन शाम 5:15 से 5:45 बजे तक

देव दीपावली पर घाटों और गंगा पार शाम 5:15 से 5:45 बजे तक दीप प्रज्ज्वलित किए जाएंगे। इसके बाद शाम छह से सात बजे तक प्रमुख घाटों पर गंगा आरती होगी। श्रद्धालुओं को बेहतर स्थान पाने के लिए समय से पहले घाट पहुंचने की सलाह दी गई है। अंतिम समय में पहुंचने पर भीड़ के कारण परेशानी हो सकती है।

दिशा के अनुसार चुनें शहर में प्रवेश का रास्ता

प्रयागराज और मिर्जापुर की ओर से आने वाले वाहनों को टेंगरा मोड़ और निर्धारित पार्किंग स्थलों की ओर भेजा जाएगा। वहीं चंदौली की ओर से आने वाले वाहन रिंग रोड और निर्धारित प्रवेश मार्गों का इस्तेमाल करेंगे। पड़ाव से राजघाट पुल होते हुए नमो घाट जाने का रास्ता बंद रहेगा। इसलिए श्रद्धालु पुराने रास्तों पर निर्भर रहने के बजाय प्रशासन की ओर से तय रूट का पालन करें।

इन प्रमुख मार्गों पर रहेगा वाहनों का प्रतिबंध

देव दीपावली के दौरान मैदागिन से गोदौलिया, लहुराबीर से मैदागिन और ब्रॉडवे से गोदौलिया समेत अस्सी की ओर जाने वाले कई मार्गों पर वाहनों का प्रवेश प्रतिबंधित रहेगा। राजघाट पुल पर पड़ाव से नमो घाट की तरफ पैदल और वाहनों की आवाजाही भी बंद रहेगी। सामने घाट पुल से दोपहिया वाहनों और पैदल यात्रियों को अनुमति रहेगी। शहर के 10 प्रमुख मार्गों को पैदल आवागमन के लिए निर्धारित किया गया है। घाटों के आसपास बैरिकेडिंग भी रहेगी, इसलिए एक घाट से दूसरे घाट जाने की योजना बनाने से बचें।

चेतसिंह किले पर तीन बार होगा लेजर शो

देव दीपावली पर चेतसिंह किले में 3डी प्रोजेक्शन और लेजर शो तीन चरणों में प्रस्तावित है। पहला शो शाम 5:45 से 6:10 बजे, दूसरा शाम 7:20 से 7:45 बजे और तीसरा रात 8:30 से 8:55 बजे तक होगा। रात आठ बजे ड्रोन शो आयोजित किया जाएगा। वहीं रात 8:30 से 8:40 बजे तक गंगा पार ललिता घाट के सामने ग्रीन आतिशबाजी प्रस्तावित है। पर्यटक इन कार्यक्रमों के समय के अनुसार अपना स्थान तय कर सकते हैं।

नाव से सैर के लिए सुरक्षा का रखें ध्यान

गंगा में नाव से देव दीपावली देखने की योजना बना रहे पर्यटक अधिकृत नाव संचालकों से ही संपर्क करें। नाव का किराया पहले तय कर लें और निर्धारित क्षमता से अधिक लोगों के बैठने से बचें। लाइफ जैकेट पहनना अनिवार्य रूप से सुनिश्चित करें। बिना सुरक्षा इंतजाम वाली नावों में यात्रा न करें। आखिरी समय पर नाव मिलने की उम्मीद में न रहें।

बच्चों और बुजुर्गों के साथ आने वाले बरतें सावधानी

परिवार के साथ आने वाले श्रद्धालु ऐसे घाट का चयन करें, जहां पहुंचना आसान हो। भीड़ में बच्चों का हाथ न छोड़ें और उनके पास परिवार के किसी सदस्य का मोबाइल नंबर जरूर रखें। बुजुर्गों को अधिक पैदल चलने से बचाने के लिए पार्किंग से घाट की दूरी पहले ही पता कर लें। जरूरी दवाएं और पानी साथ रखें।

कार्यक्रम के बाद जल्दबाजी में न करें वापसी

ड्रोन शो और आतिशबाजी के बाद बड़ी संख्या में लोगों के एक साथ लौटने से रास्तों पर भीड़ बढ़ सकती है। ऐसे में कार्यक्रम समाप्त होते ही निकलने की जल्दबाजी न करें। कुछ देर रुककर भीड़ कम होने का इंतजार करें। अपनी पार्किंग का स्थान और वहां पहुंचने का रास्ता पहले से याद रखें। किसी भी परेशानी की स्थिति में पुलिसकर्मियों से मार्ग की जानकारी लें।

सभी घाटों पर प्रवेश निशुल्क, वीआईपी पास जारी नहीं

प्रशासन के अनुसार देव दीपावली के लिए कोई वीआईपी पास जारी नहीं किया गया है। सभी घाटों पर प्रवेश निशुल्क रहेगा। श्रद्धालुओं और पर्यटकों से अपील की गई है कि वे यातायात नियमों और प्रशासन की ओर से जारी दिशा-निर्देशों का पालन करें, निर्धारित पार्किंग में ही वाहन खड़ा करें और सुरक्षित तरीके से आयोजन का आनंद लें।

Share this news

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *