छह दमकल गाड़ियां और रेस्क्यू टीम ने संभाला मोर्चा, शॉर्ट सर्किट की आशंका; दमकलकर्मियों को आईं मामूली चोटें
वाराणसी (रणभेरी): शहर के भेलूपुर थाना क्षेत्र में आकाशवाणी के पास शनिवार सुबह बनारस स्वर्ण कला केंद्र के शोरूम में भीषण आग लग गई। आग की लपटें और धुएं का गुबार उठता देख आसपास के इलाके में हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। आग पर नियंत्रण पाने के लिए छह फायर टेंडर और एक रेस्क्यू टीम को लगाया गया। लगभग तीन घंटे तक चले अभियान के बाद आग को बुझा लिया गया।
सुबह छह बजे मिली सूचना
मुख्य अग्निशमन अधिकारी आनंद सिंह राजपूत के मुताबिक, दमकल विभाग को आग लगने की सूचना शनिवार सुबह करीब छह बजे मिली थी। इसके बाद अग्निशमन वाहनों और बचाव दल को तत्काल घटनास्थल पर रवाना किया गया। दमकलकर्मियों ने सीढ़ियों के सहारे इमारत के ऊपरी हिस्से तक पहुंचकर आग बुझाने का काम किया। समय रहते आग पर नियंत्रण होने से भवन के अन्य हिस्सों को इसकी चपेट में आने से बचा लिया गया।

बंद इमारत में आग, शॉर्ट सर्किट का संदेह
प्रारंभिक जांच में आग लगने की वजह शॉर्ट सर्किट मानी जा रही है। हालांकि, अग्निशमन विभाग ने अभी इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं की है। सीएफओ के अनुसार, घटना के समय इमारत बंद थी और सुबह होने के कारण वहां मरम्मत का काम भी नहीं चल रहा था। भवन के मालिक भी इसी इमारत में रहते थे। आग की शुरुआत कैसे हुई, इसका पता लगाने के लिए विभिन्न पहलुओं की जांच की जा रही है।
स्टॉक रूम और रिसेप्शन को नुकसान
आग से इमारत के पहले तल पर बने स्टॉक रूम, कुछ कुर्सियों और रिसेप्शन वाले हिस्से को नुकसान पहुंचा है। यह क्षेत्र आंशिक रूप से जल गया। हालांकि, इसी तल पर मौजूद साड़ी के शोरूम को दमकलकर्मियों ने सुरक्षित बचा लिया। अधिकारियों के अनुसार, आग से हुए कुल नुकसान का आकलन अभी नहीं किया गया है। विस्तृत जांच के बाद ही जले हुए सामान और आर्थिक क्षति की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।

कांच के कारण धुआं निकालने में आई परेशानी
इमारत में कांच लगे होने के कारण धुआं अंदर ही जमा हो गया था। इससे आग बुझाने के दौरान दमकलकर्मियों को मुश्किलों का सामना करना पड़ा। टीम ने पहले सीढ़ियां लगाकर ऊपरी हिस्से में पहुंच बनाई और आग को फैलने से रोकने पर ध्यान केंद्रित किया। इसके बाद लगातार प्रयास कर आग पर पूरी तरह काबू पाया गया।
