वाराणसी (रणभेरी): मिर्जामुराद थाना क्षेत्र के हरपुर रिंग रोड पर शुक्रवार देर रात तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर आगे चल रहे ट्रक में पीछे से जा घुसी। हादसे में कार चालक और भदोही के गोपीगंज क्षेत्र के सारीपुर गांव निवासी अभिषेक कौशिक (34) की मौत हो गई। अभिषेक दवा कंपनी में मेडिकल रिप्रजेंटेटिव (MR) थे। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और अभिषेक अंदर फंस गए।
जानकारी के अनुसार अभिषेक कार से रखौना रिंग रोड होते हुए हरहुआ की ओर जा रहे थे। हरपुर गांव के पास उन्होंने आगे चल रहे ट्रक को ओवरटेक करने का प्रयास किया। इसी दौरान कार अनियंत्रित हो गई और ट्रक के पिछले हिस्से में जा घुसी। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई।

कार में फंसे चालक को पुलिस ने निकाला
हादसे की सूचना मिलने पर मिर्जामुराद पुलिस मौके पर पहुंची। कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त होने के कारण अभिषेक उसके अंदर फंस गए थे। पुलिस ने काफी मशक्कत के बाद उन्हें बाहर निकाला और गंभीर हालत में बीएचयू ट्रॉमा सेंटर भेजा। वहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।पुलिस ने घटना की जानकारी अभिषेक के परिजनों को दी। इसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर आवश्यक कार्रवाई शुरू की गई।
माता-पिता के इकलौते बेटे थे अभिषेक
अभिषेक अपने माता-पिता के इकलौते बेटे थे। कुछ वर्ष पहले ही उनकी शादी हुई थी। उनकी दो साल की बेटी भी है। हादसे की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। पत्नी, मां और अन्य परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
स्थानीय लोगों के मुताबिक हरपुर रिंग रोड पर ओवरटेकिंग के दौरान पहले भी सड़क हादसे हो चुके हैं। तेज रफ्तार में वाहनों को ओवरटेक करने के दौरान नियंत्रण बिगड़ने से दुर्घटनाओं का खतरा बना रहता है।
