अमिताभ बच्चन के बंगले ‘जलसा’ को बम से उड़ाने की धमकी, मुंबई में हाई अलर्ट; BSE और बॉम्बे हाईकोर्ट भी निशाने पर

अमिताभ बच्चन के बंगले ‘जलसा’ को बम से उड़ाने की धमकी, मुंबई में हाई अलर्ट; BSE और बॉम्बे हाईकोर्ट भी निशाने पर

(रणभेरी): बॉलीवुड अभिनेता अमिताभ बच्चन के जुहू स्थित बंगले ‘जलसा’ को बम से उड़ाने की धमकी मिलने के बाद मुंबई में सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट हो गई हैं। धमकी भरे ईमेल में बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज (BSE), वर्ली रेसकोर्स और बॉम्बे हाईकोर्ट को भी निशाना बनाने की बात कही गई है। ईमेल मिलने के बाद मुंबई पुलिस समेत विभिन्न सुरक्षा एजेंसियां सतर्क हो गई हैं और संवेदनशील स्थानों पर सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है।

इससे पहले 23 अक्टूबर को मुंबई की मेयर रितु तावड़े को भी इसी तरह का धमकी भरा ईमेल मिला था। इस ईमेल में अमिताभ बच्चन के बंगले को निशाना बनाने के साथ अभिनेता और गायक दिलजीत दोसांझ को जान से मारने की धमकी दी गई थी। मेल में दावा किया गया था कि 31 अक्टूबर से 27 नवंबर के बीच कभी भी जलसा पर हमला किया जा सकता है। धमकी को 1984 के ऑपरेशन ब्लू स्टार का बदला लेने से जोड़ते हुए खालिस्तान समर्थक नारे भी लिखे गए थे।

अमिताभ बच्चन के बंगले ‘जलसा’ को बम से उड़ाने की धमकी, मुंबई में हाई अलर्ट; BSE और बॉम्बे हाईकोर्ट भी निशाने पर

दिलजीत दोसांझ को भी जान से मारने की धमकी

23 अक्टूबर को भेजे गए ईमेल में दिलजीत दोसांझ का भी जिक्र किया गया था। धमकी देने वाले ने कथित तौर पर लिखा था कि दिलजीत ने अमिताभ बच्चन के पैर छुए थे, इसलिए उसे भी निशाना बनाया जाएगा। ईमेल में 27 नवंबर को महालक्ष्मी रेसकोर्स में आत्मघाती हमले के जरिए दिलजीत की हत्या करने की धमकी दी गई थी। इसके अलावा 1984 के सिख-विरोधी दंगों का भी उल्लेख किया गया था।

BMC मुख्यालय में पुलिस ने चलाया तलाशी अभियान

धमकी भरा ईमेल मिलने के बाद मुंबई पुलिस की टीमें, डॉग स्क्वॉड और बम निरोधक दस्ते ने बीएमसी मुख्यालय पहुंचकर तलाशी अभियान चलाया। मेयर और डिप्टी मेयर के कार्यालयों के साथ ही विभिन्न चैंबरों की भी जांच की गई। सुरक्षा एजेंसियां धमकी भरे ईमेल की गंभीरता से जांच कर रही हैं।

18 अक्टूबर को टाइगर श्रॉफ की कार पर हुई थी फायरिंग

मुंबई में हाल के दिनों में फिल्मी हस्तियों को निशाना बनाए जाने की घटनाएं भी सामने आई हैं। 18 अक्टूबर को अभिनेता टाइगर श्रॉफ की कार पर जुहू इलाके में फायरिंग हुई थी। बताया गया कि टाइगर फुटबॉल खेलने के बाद वहां से निकल रहे थे, तभी उनकी कार पर गोलियां चलाई गईं। हालांकि, इस घटना में टाइगर श्रॉफ सुरक्षित रहे, लेकिन उनका ड्राइवर और एक अन्य व्यक्ति घायल हो गए थे। मामले में अब तक 12 आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है।

लगातार मिल रही धमकियों और फायरिंग की घटनाओं के बाद मुंबई पुलिस सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सतर्क है। फिलहाल धमकी भरे ईमेल की जांच और सुरक्षा एजेंसियों की कार्रवाई जारी है।

Share this news

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *