त्योहारों पर यात्रियों को मिलेगी राहत, वाराणसी परिक्षेत्र से चलेंगी 185 अतिरिक्त बसें

त्योहारों पर यात्रियों को मिलेगी राहत, वाराणसी परिक्षेत्र से चलेंगी 185 अतिरिक्त बसें

12 दिनों तक चलेगा विशेष बस संचालन, वाराणसी-लखनऊ रूट पर सबसे अधिक 31 अतिरिक्त बसें लगेंगी; कुल 331 बसें देंगी सेवा

वाराणसी (रणभेरी): दीपावली और छठ पर्व पर घर जाने वाले यात्रियों की बढ़ती भीड़ को देखते हुए रोडवेज प्रशासन ने विशेष तैयारी की है। यात्रियों को आवागमन में परेशानी न हो, इसके लिए वाराणसी परिक्षेत्र से छह से 17 नवंबर तक 185 अतिरिक्त बसों का संचालन किया जाएगा। 12 दिनों तक चलने वाली इस व्यवस्था के तहत डिपो में अधिकारियों और कर्मचारियों की शिफ्टवार ड्यूटी लगाई गई है। टिकट वितरण, पूछताछ और बसों के संचालन पर विशेष निगरानी रखी जाएगी।

वाराणसी परिक्षेत्र के क्षेत्रीय प्रबंधक परशुराम पांडेय के मुताबिक, यात्रियों की सबसे अधिक भीड़ वाले मार्गों पर अतिरिक्त बसें लगाई गई हैं। वाराणसी से लखनऊ के बीच 31, कानपुर के लिए 13, गोरखपुर के लिए 12 और बैढन मार्ग पर 10 अतिरिक्त बसें चलाई जाएंगी। इसके अलावा जौनपुर, गाजीपुर और शक्तिनगर डिपो से भी विभिन्न मार्गों पर अतिरिक्त बसों का संचालन किया जाएगा।

उन्होंने बताया कि इन मार्गों पर पहले से 146 बसें संचालित हो रही हैं। 185 अतिरिक्त बसों के शामिल होने से कुल 331 बसें यात्रियों को परिवहन सुविधा उपलब्ध कराएंगी। इससे त्योहार पर घर जाने वाले लोगों को बसों की उपलब्धता बढ़ने के साथ ही भीड़ से राहत मिलने की उम्मीद है।

रोडवेज प्रशासन ने सभी डिपो को बसों की फिटनेस और साफ-सफाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। साथ ही चालकों और परिचालकों की पर्याप्त उपलब्धता बनाए रखने को कहा गया है। बस अड्डों पर कंट्रोल रूम भी सक्रिय रहेगा, जहां से बसों के संचालन और यात्रियों की समस्याओं पर नजर रखी जाएगी। प्रशासन का प्रयास है कि त्योहार के दौरान यात्रियों को सुरक्षित और सुगम सफर की सुविधा मिल सके।

Share this news

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *