- शादी का झांसा देकर बीमा की रकम हड़पने और महिला के नाम पर लोन कराने का आरोप
- दूसरी युवती से संबंध का विरोध करने पर मिल रही थी धमकी
वाराणसी (रणभेरी): चितईपुर थाना क्षेत्र के हनुमंत कृपा अपार्टमेंट में महिला होमगार्ड अनुराधा तिवारी (35) की आत्महत्या के मामले में पुलिस ने उसके प्रेमी और उसकी नई प्रेमिका को गिरफ्तार किया है। मृतका की सास की तहरीर पर दोनों के खिलाफ आत्महत्या के लिए उकसाने और धोखाधड़ी का मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस दोनों से पूछताछ के साथ ही वित्तीय लेनदेन से जुड़े दस्तावेज खंगाल रही है।
पुलिस के अनुसार, तीन वर्ष पूर्व पति धनंजय तिवारी की मौत के बाद अनुराधा की मुलाकात सारनाथ में दवा कंपनी में काम करने वाले अजय पांडेय (41) से हुई थी। मूल रूप से बांदा के नरैनी थाना क्षेत्र के नरैना (पांडेय का पुरवा) निवासी अजय ने अनुराधा को शादी का झांसा दिया। आरोप है कि उसने पति की मौत के बाद विभाग से मिली बीमा राशि हड़प ली और अनुराधा के नाम पर भारी भरकम लोन भी कराया। इसकी किस्त अनुराधा अपनी सैलरी से भरती थी।
इसी बीच अजय का दवा कंपनी में काम करने वाली बोकारो निवासी युवती से संबंध हो गया। महमूरगंज में किराए पर रहने वाली युवती की तस्वीरें और चैटिंग अनुराधा ने अजय के मोबाइल में देखीं तो विरोध किया। आरोप है कि इसके बाद अजय ने अपार्टमेंट आना बंद कर दिया और युवती के साथ मिलकर अनुराधा को धमकाने लगा। बुधवार रात ड्यूटी से लौटने के बाद अनुराधा कमरे में चली गईं। देर रात उनके 17 वर्षीय बेटे को दूसरे मोबाइल पर मां का संदेश मिला।
संदेश में अजय पर शादी का झांसा देकर धोखा देने और युवती के साथ मिलकर जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया गया था। बेटे ने कमरे में पहुंचकर अनुराधा को फंदे से लटका देखा और रस्सी काटकर नीचे उतारा। सूचना पर पहुंची पुलिस ने कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
