करीना कपूर ने ‘कॉफी विद करण’ में सुनाई जनवरी 2025 की उस खौफनाक रात की आपबीती; सैफ ने बताया- छोटे बेटे जेह को बचाने के लिए हमलावर से भिड़े थे, चाकू से करीब 10 बार किया गया था वार
(रणभेरी): बॉलीवुड अभिनेता सैफ अली खान पर जनवरी 2025 में हुए चाकू से हमले की घटना को याद करते हुए अभिनेत्री करीना कपूर ने उस रात का दर्दनाक अनुभव साझा किया है। करण जौहर के चर्चित टॉक शो ‘कॉफी विद करण’ में करीना ने बताया कि हमले के बाद वह अपने घायल पति को अस्पताल पहुंचाने के लिए रात में सड़क पर दौड़ रही थीं। उन्होंने नाइट टी-शर्ट पहनी हुई थी और सड़क पर लोगों से ऑटो रिक्शा रोकने की गुहार लगा रही थीं। उस समय सैफ खून से लथपथ थे।
करीना ने बताया कि हालात इतने गंभीर थे कि उन्हें कपड़े बदलने या पायजामा पहनने तक का समय नहीं मिला। वह सीधे सड़क पर दौड़ पड़ीं और चिल्लाकर ऑटो रोकने की कोशिश करने लगीं। उन्होंने कहा कि यह पूरा घटनाक्रम किसी फिल्म के दृश्य जैसा था। करीना के मुताबिक, इस घटना के बाद वह करीब छह महीने तक ठीक से सो नहीं पाईं।
जेह को बचाने के लिए हमलावर से भिड़े थे सैफ
शो में सैफ अली खान ने बताया कि हमले के दौरान उनका मुख्य उद्देश्य छोटे बेटे जहांगीर (जेह) को बचाना था। इसी कोशिश में वह हमलावर से भिड़ गए। सैफ ने बताया कि संघर्ष के दौरान हमलावर ने उन पर करीब 10 बार चाकू से वार किया।
अभिनेता ने कहा कि फिल्मों में एक्शन सीन करने और देखने के अनुभव के कारण उन्होंने तत्काल पलटकर मुकाबला करने का फैसला किया। सब कुछ इतनी तेजी से हुआ कि सोचने का मौका ही नहीं मिला। उन्होंने यह भी कहा कि उन्हें अफसोस है कि उस समय परिवार की सुरक्षा के लिए कोई हथियार उठाने का ख्याल उनके मन में नहीं आया। घर में डाइनिंग टेबल के ऊपर एक सजावटी तलवार लटकी थी, लेकिन संघर्ष के दौरान उनका ध्यान उस ओर नहीं गया।
सैफ ने बेटे जेह का एक दिलचस्प किस्सा भी साझा किया। उन्होंने बताया कि घटना के बाद जेह ने उन्हें अपनी प्लास्टिक की तलवार देते हुए कहा था कि अगली बार चोर आए तो इसका इस्तेमाल करना। सैफ के मुताबिक, जेह ने पूरी घटना देखी थी और अब उसे लगता है कि उसके पिता बहुत अच्छे रक्षक हैं।
तैमूर ने पूछा था- क्या अब्बा मर जाएंगे?
करीना ने बताया कि हमले के बाद जब उन्होंने लिफ्ट में सैफ को देखा तो वह बुरी तरह घायल थे। उस समय बड़ा बेटा तैमूर भी उनके साथ था। पिता की हालत देखकर तैमूर ने मासूमियत से पूछा था कि क्या अब्बा मरने वाले हैं।
करीना ने बताया कि सैफ ने उन्हें अस्पताल ले जाने का इशारा किया। इसके बाद परिवार ने उन्हें तुरंत अस्पताल पहुंचाने की व्यवस्था की। सैफ के गले और पीठ पर गंभीर चोटें आई थीं। टूटे हुए चाकू का एक हिस्सा उनकी पीठ में फंस गया था।
सैफ ने बताया कि उनके गले पर कई गहरे और टेढ़े कट लगे थे। उन्होंने चाकू की खराब गुणवत्ता का जिक्र करते हुए कहा कि वह टूट गया था। अभिनेता के मुताबिक, चाकू थोड़ा भी बेहतर होता तो चोट कहीं ज्यादा घातक हो सकती थी। करीना ने भी बताया कि चाकू का घाव महज एक मिलीमीटर और गहरा होता तो उनकी जान को खतरा हो सकता था। चोट का असर सैफ की रीढ़ पर भी पड़ा था और उनके पैर में कुछ संवेदना कम हो गई थी।
सर्जरी के बाद इब्राहिम की आंखों में थे आंसू
करण जौहर ने बताया कि हमले के बाद वह परिवार से संपर्क करने वाले शुरुआती लोगों में शामिल थे। उन्होंने सैफ के बच्चों इब्राहिम अली खान और सारा अली खान से भी बात की थी। सैफ ने बताया कि ऑपरेशन के बाद जब उन्हें होश आया तो परिवार उनके पास मौजूद था। इस दौरान बेटे इब्राहिम की हालत देखकर वह भावुक हो गए। उन्होंने कहा कि इब्राहिम की आंखों में आंसू थे और वह काफी परेशान व गुस्से में था। सैफ ने बताया कि उन्होंने अपने बेटे को इस तरह भावनाएं जाहिर करते पहले कम ही देखा था।
रात में घर पर क्यों नहीं था ड्राइवर?
बातचीत के दौरान सैफ और करीना ने यह भी बताया कि हमले वाली रात घर पर ड्राइवर क्यों मौजूद नहीं था। सैफ ने कहा कि ड्राइवर शाम को अपने परिवार के पास घर चला जाता है, इसलिए उस रात भी वह घर पर नहीं था।
करीना ने स्पष्ट किया कि सैफ को अस्पताल पहुंचाने में परिवार के सदस्यों ने मदद की थी। इस दौरान करण जौहर ने भी हैरानी जताते हुए कहा कि उनका नौ साल का बेटा खून से लथपथ पिता को अस्पताल ले जाने में शामिल था। बाद में सैफ को ऑटोरिक्शा से लीलावती अस्पताल पहुंचाया गया।
शो में करिश्मा कपूर का फोन कॉल भी बना चर्चा का विषय
कॉफी विद करण’ के गेम राउंड के दौरान करीना ने अपनी बहन करिश्मा कपूर को फोन किया। करीना ने उनसे पूछा कि क्या चल रहा है। फोन उठाते ही करिश्मा ने कहा कि वह करीना और मीरा को देख रही हैं और हर जगह इसी बात की चर्चा हो रही है कि आखिर यह सब क्या चल रहा है।
इस पर करीना ने बताया कि मीरा उनके टॉक शो ‘व्हाट विमेन वांट’ में आई थीं। करिश्मा ने इस पर तारीफ करते हुए कहा कि यह बहुत अच्छा है। तभी करण जौहर ने उन्हें याद दिलाया कि करीना उनके शो ‘कॉफी विद करण’ में हैं और उन्हें फिलहाल कुछ नहीं बोलना चाहिए। इस पर करिश्मा ने मजाकिया अंदाज में कहा, ‘तुम मेरे साथ ऐसा नहीं कर सकतीं।’
शो में हुई इस बातचीत के दौरान जहां करीना और सैफ ने हमले की भयावह रात को याद किया, वहीं परिवार के मुश्किल समय, बच्चों की प्रतिक्रिया और उस घटना के बाद उनके जीवन पर पड़े असर के बारे में भी खुलकर बात की।
