वाराणसी (रणभेरी): भारतीय क्रिकेटर Rinku Singh मंगलवार को अपनी मंगेतर Priya Saroj के साथ काशी पहुंचे, जहां दोनों ने श्री Kashi Vishwanath Temple में विधि-विधान से पूजा-अर्चना की। खास बात यह रही कि दोनों ने आम श्रद्धालुओं की तरह करीब आधे घंटे तक मंदिर में रहकर दर्शन किए और धार्मिक अनुष्ठानों में भाग लिया।
दर्शन के उपरांत यह जोड़ा गंगा द्वार से बाहर निकला और नाव के माध्यम से Dashashwamedh Ghat पहुंचा। यहां उन्होंने प्रसिद्ध गंगा आरती में हिस्सा लिया, जहां लगभग 45 मिनट तक दोनों श्रद्धालुओं के बीच बैठकर आरती का आनंद लेते नजर आए।

इस दौरान रिंकू सिंह को देखने के लिए घाट और मंदिर परिसर में प्रशंसकों की भीड़ उमड़ पड़ी। हालांकि सुरक्षा कर्मियों ने व्यवस्था बनाए रखते हुए दोनों को सुरक्षित स्थान तक पहुंचाया। बताया जा रहा है कि रिंकू सिंह वाराणसी एक दिन पहले ही पहुंचे थे, जहां एयरपोर्ट पर प्रिया सरोज ने उनका स्वागत किया। इसके बाद दोनों शहर के एक प्रमुख होटल में ठहरे और फिर प्रिया के पैतृक आवास भी गए, जहां परिवार ने उनका गर्मजोशी से स्वागत किया।
सूत्रों के अनुसार, यह जोड़ा जल्द ही विवाह बंधन में बंध सकता है। पहले यह शादी नवंबर 2025 में प्रस्तावित थी, लेकिन किन्हीं कारणों से स्थगित हो गई थी। अब चर्चा है कि जून के पहले सप्ताह में वाराणसी के एक प्रतिष्ठित होटल में विवाह समारोह आयोजित किया जा सकता है, जिसकी तैयारियां दोनों परिवारों ने शुरू कर दी हैं।

गंगा आरती के दौरान आयोजकों द्वारा इस जोड़े का सम्मान भी किया गया और उन्हें स्मृति चिन्ह एवं प्रसाद भेंट किया गया। साथ ही उन्हें देव दीपावली के अवसर पर काशी आने का निमंत्रण भी दिया गया, जिस पर दोनों ने सकारात्मक प्रतिक्रिया जताई। धार्मिक आस्था और सादगी से भरी इस यात्रा ने न केवल श्रद्धालुओं का ध्यान आकर्षित किया, बल्कि उनके प्रशंसकों के बीच भी खास चर्चा का विषय बन गई।
