वाराणसी (रणभेरी): मिर्जामुराद थाना क्षेत्र में मंगलवार सुबह सड़क किनारे लगे शिलापट्ट को लेकर विवाद खड़ा हो गया। प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री के नाम वाले इस शिलापट्ट को क्षतिग्रस्त करने के आरोपों के बाद भाजपा कार्यकर्ताओं में नाराज़गी फैल गई है। मामले में पुलिस ने एक व्यक्ति को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया है।
जानकारी के मुताबिक, भाजपा के पूर्व जिला महामंत्री प्रेम कुमार पटेल ने बताया कि करधना बाजार से प्रतापपुर होते हुए हिरापुर तक सड़क का निर्माण वर्ष 2020 के आसपास जनसुविधा के लिए कराया गया था। इसी सड़क निर्माण से संबंधित शिलापट्ट मौके पर लगाया गया था, जिसमें प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री का उल्लेख था।

आरोप है कि गांव के कुछ लोगों ने शिलापट्ट को उखाड़कर क्षतिग्रस्त कर दिया। इस घटना को लेकर भाजपा कार्यकर्ताओं ने नाराज़गी जताते हुए मिर्जामुराद थाने में शिकायत दर्ज कराई है और कार्रवाई की मांग की है।
वहीं, दूसरे पक्ष ने इन आरोपों से इनकार किया है। उनका कहना है कि शिलापट्ट उनकी निजी जमीन पर लगा हुआ था, जिसे तोड़ा नहीं गया बल्कि विवाद से बचने के लिए सावधानीपूर्वक हटाकर किनारे रखा गया है।
पुलिस के अनुसार, शिकायत के बाद मामले की जांच शुरू कर दी गई है और एक व्यक्ति से पूछताछ की जा रही है। पुलिस ने कहा है कि जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
