वंदे भारत स्लीपर की कमान संभालेंगी सात महिलाएं, महिला गार्ड दिखाएंगी हरी झंडी

वंदे भारत स्लीपर की कमान संभालेंगी सात महिलाएं, महिला गार्ड दिखाएंगी हरी झंडी

वाराणसी से नई दिल्ली के बीच 31 अक्टूबर से शुरू होगी ट्रेन, 13 सदस्यीय क्रू में आधे से अधिक महिलाएं; पांच महिला टीटीई भी रहेंगी तैनात

वाराणसी (रणभेरी): देश की दूसरी वंदे भारत स्लीपर ट्रेन का शुभारंभ कई मायनों में खास होने जा रहा है। वाराणसी से नई दिल्ली के बीच चलने वाली इस ट्रेन के संचालन और यात्रियों की सेवा की जिम्मेदारी संभालने वाले 13 सदस्यीय क्रू में सात महिलाएं शामिल होंगी। खास बात यह है कि पहली बार महिला गार्ड इस ट्रेन को हरी झंडी दिखाकर रवाना करेंगी। इसके साथ ही ट्रेन में पांच महिला टीटीई भी तैनात रहेंगी। रेलवे की इस पहल को परिचालन और यात्री सेवाओं में महिलाओं की बढ़ती भागीदारी के रूप में देखा जा रहा है।

31 अक्टूबर को बनारस रेलवे स्टेशन से ट्रेन का शुभारंभ किया जाएगा। समारोह में केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ मौजूद रहेंगे। कार्यक्रम को लेकर रेलवे की ओर से तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। ट्रेन के संचालन के लिए 13 सदस्यीय क्रू तैनात किया गया है, जिसमें सात महिला कर्मचारी शामिल हैं।

ट्रेन में महिला सहायक लोको पायलट श्रीनी श्रीवास्तव और गार्ड की जिम्मेदारी ज्योति संभालेंगी। वहीं, मुख्य लोको पायलट के रूप में 50 वर्षीय हरिशंकर यादव ट्रेन का संचालन करेंगे। वह मूल रूप से जौनपुर के रहने वाले हैं। उनके साथ महिला सहायक लोको पायलट परिचालन में सहयोग करेंगी। यात्रियों की टिकट जांच और अन्य सेवाओं के लिए पांच महिला टीटीई की तैनाती की गई है।

एयरपोर्ट पर रेल मंत्री का स्वागत

वंदे भारत स्लीपर ट्रेन के उद्घाटन समारोह में शामिल होने के लिए केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव शनिवार को वाराणसी पहुंचे। बाबतपुर स्थित लाल बहादुर शास्त्री अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट पर भाजपा नेताओं और कार्यकर्ताओं ने उनका स्वागत किया। इस दौरान विधायक अवधेश सिंह, विधायक सौरभ श्रीवास्तव, विधायक सौरभ श्रीवास्तव, महापौर अशोक तिवारी, पवन सिंह और भाजपा किसान मोर्चा के प्रदेश मंत्री एवं एयरपोर्ट पर पार्टी के प्रोटोकॉल प्रभारी शैलेश पांडेय समेत अन्य लोग मौजूद रहे। नेताओं ने रेल मंत्री को पुष्पगुच्छ भेंट कर स्वागत किया। इसके बाद वह निर्धारित कार्यक्रम में शामिल होने के लिए रवाना हो गए।

रात में रवाना होकर सुबह पहुंचेगी दिल्ली

वाराणसी से नई दिल्ली के बीच प्रस्तावित वंदे भारत स्लीपर ट्रेन रात 8:50 बजे रवाना होगी और अगले दिन सुबह 6:10 बजे दिल्ली पहुंचेगी। 16 कोच वाली इस ट्रेन में कुल 823 बर्थ उपलब्ध होंगी। यात्रियों की सुविधा के लिए इसमें वातानुकूलित प्रथम, द्वितीय और तृतीय श्रेणी के कोच लगाए गए हैं।

रेलवे में बदल रही महिलाओं की भूमिका

रेलवे में महिलाओं की भागीदारी अब यात्री सुविधाओं और कार्यालयों तक सीमित नहीं रह गई है। महिलाएं ट्रेन संचालन, सुरक्षा और परिचालन जैसी अहम जिम्मेदारियां भी संभाल रही हैं। वंदे भारत स्लीपर के 13 सदस्यीय क्रू में सात महिलाओं की तैनाती इसी बदलाव को दर्शाती है। महिला गार्ड के हाथों ट्रेन को हरी झंडी दिखाया जाना भी इस शुरुआत को खास बनाएगा।

Share this news

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *