रोहनिया थाने के पास हुई घटना, अज्ञात युवक के खिलाफ मुकदमा दर्ज
वाराणसी (रणभेरी): रोहनिया थाना क्षेत्र में चलती ऑटो से एक महिला का मोबाइल फोन छीनकर बाइक सवार युवक फरार हो गया। घटना के बाद पीड़िता ने रोहनिया थाने में तहरीर देकर कार्रवाई और मोबाइल बरामदगी की गुहार लगाई। पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, लोहता थाना क्षेत्र के रहीमपुर निवासी उज्मा अली बीते सोमवार की सुबह चांदपुर चौराहे से ऑटो में सवार होकर जा रही थीं। इसी दौरान रोहनिया थाने के पास सुपर स्प्लेंडर मोटरसाइकिल सवार एक अज्ञात युवक ऑटो के बगल में पहुंचा। आरोप है कि युवक ने ऑटो के भीतर हाथ डालकर महिला का मोबाइल फोन छीन लिया और तेजी से फरार हो गया।
पीड़िता के मुताबिक, आरोपी ने काले रंग की टी-शर्ट पहन रखी थी और हेलमेट भी नहीं लगाया था। छीना गया मोबाइल वीवो वी30ई मॉडल का है। घटना के बाद महिला ने रोहनिया पुलिस को प्रार्थना पत्र देकर आरोपी के खिलाफ कानूनी कार्रवाई करने और मोबाइल फोन बरामद कराने की मांग की।
पुलिस ने तहरीर के आधार पर अज्ञात बाइक सवार के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस मामले की जांच करने के साथ ही आरोपी की तलाश और छीने गए मोबाइल की बरामदगी में जुटी है।
