29 नवंबर से शुरू होगा मां अन्नपूर्णा का 17 दिवसीय महाव्रत, 15 दिसंबर को चंपा छठ पर होगा समापन

29 नवंबर से शुरू होगा मां अन्नपूर्णा का 17 दिवसीय महाव्रत, 15 दिसंबर को चंपा छठ पर होगा समापन

17 गांठ वाला पवित्र धागा धारण कर श्रद्धालु लेंगे व्रत का संकल्प, इस बार 250 नए भक्त भी जुड़ेंगे परंपरा से

वाराणसी (रणभेरी): काशी की अधिष्ठात्री देवी मां अन्नपूर्णा का 17 दिवसीय महाव्रत 29 नवंबर से शुरू होगा। मार्गशीर्ष कृष्ण पक्ष की पंचमी से आरंभ होने वाला यह महाव्रत 15 दिसंबर को चंपा छठ के दिन संपन्न होगा। इस दौरान श्रद्धालु 17 गांठ वाला पवित्र धागा धारण कर व्रत का संकल्प लेंगे। मंदिर प्रशासन के अनुसार, इस वर्ष करीब 250 नए श्रद्धालु भी इस धार्मिक परंपरा से जुड़ेंगे।

अन्नपूर्णा मंदिर के महंत शंकर पुरी महाराज ने बताया कि महाव्रत में शामिल होने के लिए काशी के अलावा देश के विभिन्न हिस्सों से श्रद्धालु पहुंचते हैं। परंपरा के अनुसार, 29 नवंबर को मंदिर के प्रथम तल से भक्तों को 17 गांठ वाला पवित्र धागा वितरित किया जाएगा। महिलाएं इसे बाएं हाथ में, जबकि पुरुष दाएं हाथ में धारण करेंगे। मान्यता है कि लगातार 17 वर्षों तक इस महाव्रत का पालन करने से श्रद्धालुओं की मनोकामनाएं पूरी होती हैं। इसी आस्था के चलते हर साल बड़ी संख्या में नए भक्त व्रत का संकल्प लेते हैं।

बिना नमक के करना होगा अनाज और सब्जी का सेवन

महाव्रत के नियमों में खानपान को लेकर विशेष संयम बरतना होता है। श्रद्धालु अपनी सामर्थ्य और सुविधा के अनुसार पूरे 17 दिन या केवल पहले और अंतिम दिन व्रत रख सकते हैं। पूरे 17 दिन व्रत करने वाले श्रद्धालुओं को एक समय अनाज और शेष समय फलाहार करना होता है। इसके लिए एक अनाज और एक सब्जी का चयन किया जाता है। व्रत की पूरी अवधि में इनका सेवन बिना नमक के करना होता है। हालांकि, गंभीर बीमारी या लो ब्लड प्रेशर से पीड़ित श्रद्धालुओं को जरूरत के अनुसार नियमों में छूट दी जाती है।

चंपा छठ पर धान की पहली फसल से सजेगा मंदिर

महाव्रत के सभी 17 दिनों तक सुबह और शाम पवित्र धागे का पूजन करने के साथ मां अन्नपूर्णा की कथा का श्रवण होगा। 15 दिसंबर को चंपा छठ के अवसर पर मां का भव्य श्रृंगार किया जाएगा। पूर्वांचल के किसानों की ओर से अर्पित धान की पहली फसल से मंदिर और पूरे परिसर को सजाया जाएगा। इस अवसर पर मां को नए चावल का भोग भी लगाया जाएगा।

29 नवंबर से शुरू होगा मां अन्नपूर्णा का 17 दिवसीय महाव्रत, 15 दिसंबर को चंपा छठ पर होगा समापन

16 दिसंबर को भक्तों में बांटी जाएंगी धान की बालियां

चंपा छठ के अगले दिन यानी 16 दिसंबर को मां के श्रृंगार में इस्तेमाल की गई धान की बालियां श्रद्धालुओं में प्रसाद के रूप में वितरित की जाएंगी। भक्त इन बालियों को अपने घर ले जाकर अन्न भंडार में रखते हैं। धार्मिक मान्यता है कि ऐसा करने से घर में सुख-समृद्धि बनी रहती है और अन्न की कभी कमी नहीं होती।

Share this news

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *