नमो घाट पर होगा मुख्य समारोह, सीएम योगी करेंगे उद्घाटन; तिरुक्कुरल की शिक्षाओं को विद्यार्थियों और युवाओं तक पहुंचाने पर रहेगा जोर
वाराणसी (रणभेरी): उत्तर और दक्षिण भारत की सांस्कृतिक विरासत को जोड़ने वाला काशी तमिल संगमम का पांचवां संस्करण 28 नवंबर से शुरू होगा। 12 दिसंबर तक चलने वाले इस आयोजन का उद्घाटन मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ करेंगे। केंद्रीय शिक्षा मंत्रालय की ओर से आयोजित कार्यक्रम का मुख्य समारोह नमो घाट पर होगा। इस बार तमिलनाडु से करीब 1400 प्रतिनिधि सात अलग-अलग समूहों में काशी पहुंचेंगे।
इस वर्ष संगमम की थीम ‘तिरुक्कुरल पाईलवोम’ यानी ‘तिरुक्कुरल का अभ्यास करें’ रखी गई है। इसके माध्यम से तमिल साहित्य के प्रसिद्ध शास्त्रीय ग्रंथ तिरुक्कुरल में निहित नैतिकता, सदाचार और जीवन मूल्यों की शिक्षाओं को देशभर के विद्यार्थियों और युवाओं तक पहुंचाया जाएगा।
तमिलनाडु से आने वाले प्रतिनिधियों में छात्र, शिक्षक, लेखक एवं मीडिया पेशेवर, कृषि क्षेत्र से जुड़े लोग, पेशेवर एवं कारीगर, महिलाएं और आध्यात्मिक गुरु शामिल होंगे। प्रत्येक समूह में करीब 200 प्रतिभागियों को रखा गया है। आठ दिवसीय यात्रा के दौरान प्रतिनिधियों को काशी के अलावा प्रयागराज और अयोध्या के धार्मिक, सांस्कृतिक और ऐतिहासिक स्थलों का भ्रमण कराया जाएगा।
1000 शिक्षण संस्थानों के विद्यार्थी भी होंगे शामिल
इस बार काशी तमिल संगमम में देशभर के 1000 उच्च शिक्षण संस्थानों के विद्यार्थियों को भी जोड़ा जाएगा। प्रत्येक संस्थान से तिरुक्कुरल में रुचि रखने वाले विद्यार्थियों का चयन मेरिट के आधार पर किया जाएगा। चयनित विद्यार्थियों को 22 अनुसूचित भाषाओं और अंग्रेजी में ऑनलाइन प्रशिक्षण दिया जाएगा। इसके बाद एक महीने तक शोध और शैक्षणिक गतिविधियां आयोजित होंगी।

विद्यार्थियों को तिरुक्कुरल पर चार से दस पृष्ठों का लेख या शोध नोट तैयार करना होगा। इसके साथ ही उन्हें अपने संस्थान में एक घंटे की प्रस्तुति भी देनी होगी। निर्धारित शर्तें पूरी करने वाले पात्र विद्यार्थियों को 10 हजार रुपये की छात्रवृत्ति प्रदान की जाएगी।
काशी की धार्मिक और तमिल विरासत से रूबरू होंगे प्रतिनिधि
संगमम के दौरान तमिलनाडु से आने वाले प्रतिनिधि श्री काशी विश्वनाथ मंदिर, सारनाथ, बीएचयू, रामनगर किला और भारत माता मंदिर सहित प्रमुख धार्मिक एवं ऐतिहासिक स्थलों का भ्रमण करेंगे। कार्यक्रम में गंगा आरती, गंगा स्नान, शैक्षणिक संवाद और सांस्कृतिक आयोजन भी आकर्षण का केंद्र होंगे।
तमिल विरासत से जुड़े स्थलों को भी यात्रा में विशेष महत्व दिया गया है। प्रतिनिधियों को महाकवि सुब्रमणिया भारती के पैतृक आवास, केदार घाट और काशी मठ यानी ‘लिटिल तमिलनाडु’ ले जाया जाएगा। बीएचयू के तमिल विभाग में शैक्षणिक संवाद भी आयोजित होगा।
इसके बाद प्रतिनिधि प्रयागराज में त्रिवेणी संगम और अयोध्या में श्रीराम मंदिर के दर्शन करेंगे। इस आयोजन का उद्देश्य उत्तर और दक्षिण भारत के बीच सांस्कृतिक, शैक्षणिक और आध्यात्मिक संबंधों को और मजबूत करना है।
