वाराणसी से रोजगार एवं भागीदारी यात्रा का आगाज, 8 दिसंबर को लखनऊ में होगा महाआंदोलन; युवाओं के रोजगार और संविदा कर्मचारियों के नियमितीकरण का उठाया मुद्दा
वाराणसी (रणभेरी): अपना दल (कमेरावादी) की रोजगार एवं भागीदारी मोटरसाइकिल यात्रा बुधवार को वाराणसी से शुरू हुई। राष्ट्रीय अध्यक्ष कृष्णा पटेल की मौजूदगी और उनके निर्देश पर सिराथू विधायक डॉ. पल्लवी पटेल के नेतृत्व में निकाली जा रही इस यात्रा के जरिए पार्टी ने युवाओं के रोजगार, संविदा कर्मचारियों के नियमितीकरण और पिछड़े वर्गों की राजनीतिक भागीदारी का मुद्दा उठाया। यात्रा के दौरान पल्लवी पटेल ने 2027 का विधानसभा चुनाव सिराथू सीट से ही लड़ने का ऐलान किया।
यात्रा की शुरुआत के दौरान पल्लवी पटेल ने सारनाथ पहुंचकर महाराजा सुहेलदेव राजभर की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया। इस दौरान उन्होंने कहा कि सिराथू की जनता ने उन्हें सम्मान दिया और इसी सीट से उनकी राजनीतिक पहचान बनी है। इसलिए वह दोबारा इसी विधानसभा क्षेत्र से चुनाव लड़ने का दावा करेंगी।
युवाओं के रोजगार और अधिकारों को लेकर सरकार पर निशाना
पल्लवी पटेल ने भाजपा सरकार पर युवाओं के अधिकारों की अनदेखी करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि सरकार युवाओं के हक की अनदेखी कर रही है। सरकारी कर्मचारियों और बेरोजगार युवाओं के बीच संविदा की व्यवस्था खड़ी कर दी गई है। अनुदेशक, पंचायत सहायक, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता और शिक्षामित्र जैसे पदों पर काम करने वालों से सरकारी योजनाओं को गांव-गांव तक पहुंचाने का काम लिया जा रहा है, लेकिन उन्हें सरकारी कर्मचारी का दर्जा और नियमितीकरण का लाभ नहीं दिया जा रहा।
उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार संविधान और उससे मिले अधिकारों का सम्मान नहीं कर रही है। युवाओं को अपने रोजगार, भागीदारी और सुरक्षा के सवाल पर एकजुट होकर आवाज उठानी होगी। जब युवा अपने अधिकारों की मांग लेकर सड़कों पर उतरते हैं तो सरकार दमनकारी नीतियों के जरिए उनकी आवाज दबाने का प्रयास करती है।
AIMIM-चंद्रशेखर गठबंधन को दी शुभकामनाएं
लखनऊ में असदुद्दीन ओवैसी और चंद्रशेखर की रैली को लेकर पल्लवी पटेल ने गठबंधन को शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र की खूबसूरती यही है कि हर व्यक्ति और राजनीतिक संगठन को अपनी बात रखने का अधिकार है। किसी भी संगठन को अपने विचार और एजेंडे के साथ आगे बढ़ने की स्वतंत्रता है। ऐसे में कोई भी राजनीतिक दल कहीं भी रैली करता है तो उन्हें उसकी शुभकामनाएं हैं।
2027 में भाजपा के खिलाफ एकजुटता पर जोर
विधानसभा चुनाव 2027 में गठबंधन के सवाल पर पल्लवी पटेल ने भाजपा के खिलाफ विपक्षी दलों की एकजुटता की वकालत की। उन्होंने कहा कि देश की राजनीति दो धाराओं में बंटी नजर आ रही है। एक तरफ भाजपा है और दूसरी तरफ उसे सत्ता से हटाने की कोशिश कर रहे राजनीतिक दल।
उन्होंने कहा कि लोकतंत्र और संविधान में विश्वास रखने वाले सभी संगठनों को एक मंच पर आना होगा। भाजपा की सरकार को सत्ता से हटाने के लिए सभी को मिलकर काम करना होगा। पल्लवी ने कहा कि 2027 में भाजपा के लिए दोबारा सत्ता में आना आसान नहीं होगा। एक बड़ी राजनीतिक ताकत खड़ी होगी और वह उसी ताकत के साथ रहेंगी, जिसमें भाजपा को सत्ता से हटाने की क्षमता होगी।
सपा के साथ गठबंधन के दिए संकेत
समाजवादी पार्टी के साथ संभावित गठबंधन को लेकर पल्लवी पटेल ने 2022 के विधानसभा चुनाव का जिक्र किया। उन्होंने कहा कि अपना दल (कमेरावादी) 2022 में जिस गठबंधन के साथ था, उसके जरिए पार्टी को 12 प्रतिशत अधिक वोट मिले। बड़ी संख्या में लोगों ने पार्टी पर भरोसा जताया। इसी विश्वास के आधार पर पार्टी ने 2022 से 2027 तक सड़क से सदन तक संघर्ष किया है।
हालांकि उन्होंने 2027 के गठबंधन को लेकर किसी दल का नाम स्पष्ट नहीं किया, लेकिन भाजपा को सत्ता से हटाने में सक्षम राजनीतिक ताकत के साथ खड़े होने की बात कहकर सपा के साथ गठबंधन की संभावनाओं के संकेत दिए।
8 दिसंबर को लखनऊ में होगा महाआंदोलन
पार्टी की ओर से जारी कार्यक्रम के मुताबिक रोजगार एवं भागीदारी मोटरसाइकिल यात्रा 26 से 28 नवंबर तक वाराणसी में रहेगी। इसके बाद यात्रा विभिन्न जिलों से होकर गुजरेगी और 8 दिसंबर 2026 को लखनऊ पहुंचेगी। यहां रोजगार, संविदा कर्मचारियों के नियमितीकरण और पिछड़े वर्गों की भागीदारी सहित विभिन्न मांगों को लेकर बड़े महाआंदोलन के साथ यात्रा का समापन होगा।
