(रणभेरी): केंद्र सरकार ने ओटीटी प्लेटफॉर्म नेटफ्लिक्स से भारत में पाकिस्तान में निर्मित किसी भी कंटेंट का प्रसारण नहीं करने को कहा है। समाचार एजेंसी पीटीआई ने गुरुवार को सरकारी सूत्रों के हवाले से यह जानकारी दी। बताया गया है कि सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय को नेटफ्लिक्स की पहली पाकिस्तानी वेबसीरीज ‘जो बचे हैं संग समेट लो’ की भारत में संभावित रिलीज को लेकर कई शिकायतें मिली थीं। इसके बाद मंत्रालय ने कंपनी को आठ मई 2025 को जारी एडवाइजरी का पालन करने की हिदायत दी है।
यह एडवाइजरी पिछले साल पहलगाम आतंकी हमले के बाद जारी की गई थी। इसमें पाकिस्तान में निर्मित कंटेंट को भारत में प्रसारित नहीं करने की बात कही गई थी। इसी आधार पर मंत्रालय ने नेटफ्लिक्स को निर्देशों का पालन सुनिश्चित करने को कहा है।
फिल्म संगठनों ने प्रधानमंत्री को लिखा पत्र
वेबसीरीज की संभावित रिलीज को लेकर देश के दो प्रमुख फिल्म संगठनों ने भी विरोध जताया है। ऑल इंडियन सिने वर्कर्स एसोसिएशन (एआईसीडब्ल्यूए) ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को पत्र लिखकर सीरीज की रिलीज पर रोक लगाने की मांग की है। संगठन ने पाकिस्तान को आतंकवाद से जुड़ा देश बताते हुए वहां के कंटेंट के भारत में प्रसारण का विरोध किया है।

वहीं, फेडरेशन ऑफ वेस्टर्न इंडिया सिने एम्प्लॉइज (एफडब्ल्यूआईसीई) ने भी प्रधानमंत्री को पत्र भेजकर पाकिस्तानी शो का विरोध किया है। संगठन ने चेतावनी दी है कि यदि यह सीरीज भारत में रिलीज हुई तो वह नेटफ्लिक्स के सभी प्रोजेक्ट्स की शूटिंग रुकवा देगा। संगठन का कहना है कि भारतीय मनोरंजन उद्योग में पाकिस्तानी कलाकारों का स्वागत नहीं किया जा सकता।
पाकिस्तानी मंत्री ने लगाया संस्कृति को हथियार बनाने का आरोप
इस विवाद पर पाकिस्तान के मंत्री अहसान इकबाल ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने आरोप लगाया कि भारत पहले खेल, फिर पानी और अब कला एवं संस्कृति को हथियार बना रहा है।
तीन पीढ़ियों की छह प्रेम कहानियों पर आधारित है सीरीज
‘जो बचे हैं संग समेट लो’ की कहानी तीन पीढ़ियों और छह प्रेम कहानियों के इर्द-गिर्द बुनी गई है। इसमें प्यार, परिवार, रिश्तों और अतीत के जख्मों को दिखाया गया है। सीरीज का पहला भाग चार दिसंबर को दुनियाभर में नेटफ्लिक्स पर रिलीज होना प्रस्तावित है। हालांकि, भारत में इसके प्रसारण को लेकर अभी स्थिति स्पष्ट नहीं है। नेटफ्लिक्स ने भी इस मामले पर कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया है।
मोमिना दुरैद के निर्देशन और निर्माण में बनी इस सीरीज की कहानी फरहत इश्तियाक के इसी नाम के उर्दू उपन्यास पर आधारित है। इसमें फवाद खान, माहिरा खान, हानिया आमिर, सनम सईद, अहद रजा मीर, इकरा अजीज, हमजा अली अब्बासी और माया अली प्रमुख भूमिकाओं में हैं।
बेंगलुरु में विरोध के बाद पाकिस्तानी ड्रामा की दो स्क्रीनिंग रद्द
इधर, बेंगलुरु में पाकिस्तानी ड्रामा सीरीज ‘दर-ए-निजात’ की दो प्रस्तावित स्क्रीनिंग भी विरोध के बाद रद्द कर दी गईं। ये कार्यक्रम 28 नवंबर और पांच दिसंबर को आयोजित होने थे। पुलिस के मुताबिक, आयोजकों ने खुद ही दोनों कार्यक्रम रद्द किए। इन आयोजनों के लिए पुलिस से अनुमति भी नहीं ली गई थी।
पहली स्क्रीनिंग फ्रेजर टाउन के एक रेस्टोरेंट में होनी थी, जबकि दूसरी माउवी प्राइवेट थिएटर में प्रस्तावित थी। दूसरी स्क्रीनिंग में शामिल होने वाले मेहमानों के लिए पाकिस्तानी कपड़े पहनने का ड्रेस कोड भी रखा गया था। साकिब खान के निर्देशन में बनी ‘दर-ए-निजात’ अगस्त में रिलीज हुई थी। इसके 23 एपिसोड को अक्टूबर तक सोशल मीडिया पर 1.7 अरब से अधिक व्यूज मिलने का दावा किया गया है।
