कश्मीर की पश्मीना और कानी शॉल बनी आकर्षण, मुरादाबाद के कंबल और हरिद्वार के ब्लेजर भी लुभा रहे खरीदार
वाराणसी ( रणभेरी): सर्दियों की खरीदारी करनी हो तो बनारस महोत्सव का हस्तशिल्प मेला हर बजट और पसंद के विकल्प लेकर आया है। सांस्कृतिक संकुल, चौकाघाट में लगे मेले में कहीं 150 रुपये में ऊनी लोअर और स्वेटर मिल रहे हैं तो कहीं डेढ़ लाख रुपये तक की हस्तनिर्मित पश्मीना शॉल उपलब्ध है। मेले में कश्मीर की पारंपरिक कारीगरी खास आकर्षण बनी हुई है। इसके साथ ही मुरादाबाद के कंबल और हरिद्वार के ब्लेजर भी ग्राहकों को आकर्षित कर रहे हैं।
मेले में देश के अलग-अलग हिस्सों के कारोबारी अपने उत्पाद लेकर पहुंचे हैं। कश्मीरी कारोबारी शाहिद के स्टॉल पर पश्मीना, कानी, अस्मा कानी और चिनार पत्ती की डिजाइन वाली साड़ियों और शॉल की कई वैरायटी मौजूद हैं। इनकी कीमत 600 रुपये से शुरू होकर डेढ़ लाख रुपये तक है। शाहिद के अनुसार, वह सीधे कश्मीर से उत्पाद लेकर आए हैं। हल्के और पतले दिखने वाले ऊनी कपड़ों में भी अच्छी गर्माहट होती है। उनके स्टॉल पर 150 रुपये से ऊनी लोअर और स्वेटर भी उपलब्ध हैं।

पश्मीना की महीन बुनावट और गर्माहट खास
मेले में लद्दाख के ऊंचे पहाड़ी इलाकों में पाई जाने वाली चांगथांगी बकरियों के महीन अंदरूनी बालों से तैयार पश्मीना शॉल की भी खास मांग है। बकरी के महीन ऊन को साफ करने, कातने और पारंपरिक तरीके से बुनने के बाद पश्मीना तैयार की जाती है। इसकी महीन बुनावट, हल्कापन और गर्माहट इसे खास बनाती है। कश्मीरी कारीगरी के शौकीन ग्राहक इन शॉल और साड़ियों को देखने के साथ खरीदारी भी कर रहे हैं।
एसी ब्लैंकेट और ब्लेजर पर भी नजर
मेले में सर्दियों की जरूरतों के हिसाब से कई अन्य उत्पाद भी उपलब्ध हैं। मुरादाबाद के मोहम्मद उस्मान के स्टॉल पर 300 से चार हजार रुपये तक की एसी ब्लैंकेट मिल रही हैं। हल्की ठंड में इस्तेमाल होने वाले इन कंबलों को ग्राहक पसंद कर रहे हैं। वहीं, कश्मीर के फारूक के स्टॉल पर एक से चार हजार रुपये तक के ऊनी सूट उपलब्ध हैं।
हरिद्वार के कारोबारी विशाल के स्टॉल पर 2800 रुपये तक के ब्लेजर मिल रहे हैं। उनका कहना है कि ग्राहकों को निर्धारित मूल्य पर 30 प्रतिशत तक की छूट दी जा रही है। मेले में किफायती गर्म कपड़ों से लेकर महंगे हस्तनिर्मित परिधानों तक की उपलब्धता खरीदारों को अपनी ओर खींच रही है।
