वाराणसी में बड़ा हादसा: सेल्फी लेते समय गंगा में गिरे भाजपा नेता, 7 घंटे बाद मिला शव

वाराणसी में बड़ा हादसा: सेल्फी लेते समय गंगा में गिरे भाजपा नेता, 7 घंटे बाद मिला शव

वाराणसी (रणभेरी): काशी के मान मंदिर घाट पर बुधवार देर रात एक दर्दनाक हादसे में भाजपा से जुड़े एक युवा नेता की गंगा में डूबने से मौत हो गई। बताया जा रहा है कि युवक क्रूज पर खड़े होकर मोबाइल से फोटो और वीडियो बना रहे थे, तभी संतुलन बिगड़ने से वह नदी में गिर गए। काफी देर तक चले रेस्क्यू ऑपरेशन के बाद गुरुवार सुबह उनका शव बरामद किया गया।

मृतक की पहचान ग्रेटर नोएडा निवासी 27 वर्षीय हर्षवर्धन ठाकुर के रूप में हुई है, जो भारतीय श्रमिक कामगार कर्मचारी महासंघ में प्रदेश मंत्री के पद पर कार्यरत थे। वह अपने पांच दोस्तों के साथ वाराणसी घूमने और मंगला आरती में शामिल होने आए थे।

वाराणसी में बड़ा हादसा: सेल्फी लेते समय गंगा में गिरे भाजपा नेता, 7 घंटे बाद मिला शव

जानकारी के अनुसार, सभी दोस्त बुधवार रात करीब साढ़े बारह बजे घाट क्षेत्र में पहुंचे थे। तड़के तीन बजे होने वाली मंगला आरती से पहले वे घाटों पर घूम रहे थे। इसी दौरान हर्षवर्धन एक क्रूज पर चढ़कर मोबाइल से सेल्फी और वीडियो बना रहे थे। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, दूसरे क्रूज पर जाने के दौरान उनका पैर फिसल गया और वह सीधे गंगा में जा गिरे।

घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। दोस्तों और आसपास मौजूद लोगों ने उन्हें बचाने का प्रयास किया। कुछ गोताखोर भी तुरंत नदी में उतरे, लेकिन अंधेरा और तेज बहाव के कारण सफलता नहीं मिल सकी। सूचना मिलते ही दशाश्वमेध थाना पुलिस और जल पुलिस मौके पर पहुंची और रात में ही तलाश अभियान शुरू किया गया।

वाराणसी में बड़ा हादसा: सेल्फी लेते समय गंगा में गिरे भाजपा नेता, 7 घंटे बाद मिला शव

रातभर खोजबीन के बावजूद कोई सफलता नहीं मिली। गुरुवार सुबह एनडीआरएफ की टीम ने दोबारा सर्च ऑपरेशन शुरू किया। करीब सात घंटे की मशक्कत के बाद सुबह लगभग साढ़े सात बजे गंगा से शव बरामद कर लिया गया।

पुलिस ने आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। हादसे की खबर मिलते ही मृतक के परिजन वाराणसी पहुंच गए। बाद में शव को अंतिम संस्कार के लिए घर ले जाया गया। बताया जा रहा है कि हर्षवर्धन सामाजिक और राजनीतिक गतिविधियों के साथ प्रॉपर्टी कारोबार से भी जुड़े थे। उनके पिता दिल्ली पुलिस में कार्यरत हैं। घटना के बाद परिवार और परिचितों में शोक का माहौल है।

Share this news

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *