यूजीसी नेट जून 2026 के रिजल्ट में देरी पर बीएचयू छात्रों का प्रदर्शन, जल्द ही रिजल्ट जारी करने की मांग

यूजीसी नेट जून 2026 के रिजल्ट में देरी पर बीएचयू छात्रों का प्रदर्शन, जल्द ही रिजल्ट जारी करने की मांग

वाराणसी (रणभेरी): यूजीसी नेट जून 2026 परीक्षा की उत्तर कुंजी और परिणाम जारी होने में हो रही देरी को लेकर काशी हिंदू विश्वविद्यालय (बीएचयू) के छात्रों ने मंगलवार को विरोध प्रदर्शन किया। बड़ी संख्या में छात्र परिसर में एकत्र हुए और शांतिपूर्ण मार्च निकालकर अपनी नाराजगी जाहिर की। प्रदर्शन कर रहे छात्रों ने केंद्र सरकार और राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी (एनटीए) से परीक्षा प्रक्रिया में तेजी लाने और जल्द से जल्द परिणाम घोषित करने की मांग की।

छात्रों ने विश्वविद्यालय परिसर से रैली की शुरुआत की और विभिन्न स्थानों से होते हुए अपनी मांगों के समर्थन में आवाज उठाई। इस दौरान छात्रों ने प्रधानमंत्री के नाम एक ज्ञापन भी तैयार किया, जिसे संबंधित अधिकारियों के माध्यम से भेजा गया। ज्ञापन में यूजीसी नेट जून 2026 परीक्षा की उत्तर कुंजी और परिणाम शीघ्र जारी करने की मांग प्रमुख रूप से रखी गई।

एक महीने बाद भी नहीं आई उत्तर कुंजी

प्रदर्शन कर रहे अभ्यर्थियों का कहना था कि यूजीसी नेट जून 2026 परीक्षा को हुए करीब एक महीना बीत चुका है, लेकिन अब तक एनटीए की ओर से न तो उत्तर कुंजी जारी की गई है और न ही परीक्षा परिणाम घोषित किया गया है। छात्रों ने कहा कि पहले की परीक्षाओं में सामान्य तौर पर परीक्षा समाप्त होने के कुछ दिनों बाद ही उत्तर कुंजी जारी कर दी जाती थी, जिससे अभ्यर्थियों को अपने प्रदर्शन का अंदाजा लगाने और आगे की रणनीति बनाने में मदद मिलती थी।

छात्रों के अनुसार, इस बार परिणाम प्रक्रिया में देरी के कारण देशभर के लाखों अभ्यर्थियों में असमंजस की स्थिति बनी हुई है। उन्होंने कहा कि लंबे इंतजार के कारण विद्यार्थियों को मानसिक दबाव का सामना करना पड़ रहा है और उनकी आगामी योजनाएं प्रभावित हो रही हैं।

पीएचडी प्रवेश और रोजगार प्रक्रियाओं पर असर का दावा

छात्रों ने ज्ञापन में बताया कि यूजीसी नेट का परिणाम केवल परीक्षा तक सीमित नहीं है, बल्कि इसके आधार पर कई शैक्षणिक और रोजगार संबंधी प्रक्रियाएं जुड़ी होती हैं। परिणाम में देरी के कारण पीएचडी प्रवेश प्रक्रिया, असिस्टेंट प्रोफेसर पदों के लिए अवसर, छात्रवृत्ति और अन्य शैक्षणिक योजनाओं में बाधा आ रही है।

अभ्यर्थियों ने कहा कि समय पर परिणाम नहीं आने से छात्रों का कीमती समय प्रभावित हो रहा है और भविष्य की योजनाओं को लेकर अनिश्चितता बढ़ रही है। उन्होंने मांग की कि परीक्षा संबंधी सभी चरणों के लिए एक निश्चित समयसीमा तय की जानी चाहिए, ताकि विद्यार्थियों को बार-बार इंतजार और परेशानी का सामना न करना पड़े।

एनटीए को निर्देश देने की मांग

ज्ञापन के माध्यम से छात्रों ने प्रधानमंत्री से अपील की कि राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी को आवश्यक निर्देश दिए जाएं, जिससे यूजीसी नेट जून 2026 की उत्तर कुंजी और परिणाम जल्द जारी किए जा सकें। इसके अलावा छात्रों ने भविष्य में होने वाली राष्ट्रीय स्तर की परीक्षाओं के लिए उत्तर कुंजी जारी करने और परिणाम घोषित करने की प्रक्रिया को अधिक पारदर्शी और समयबद्ध बनाने की मांग भी रखी। प्रदर्शन के दौरान छात्रों ने शांतिपूर्ण तरीके से अपनी बात रखी और उम्मीद जताई कि उनकी मांगों पर जल्द कार्रवाई की जाएगी।

Share this news

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *