मालिक के परिवार की सुरक्षा में लैब्राडोर ने दी जान, कोबरा से भिड़कर बचाई घरवालों की जिंदगी

मालिक के परिवार की सुरक्षा में लैब्राडोर ने दी जान, कोबरा से भिड़कर बचाई घरवालों की जिंदगी

(रणभेरी): बलिया जिले के बेल्थरा रोड क्षेत्र में एक पालतू लैब्राडोर कुत्ते की बहादुरी की घटना सामने आई है। बताया जा रहा है कि घर में घुसने की कोशिश कर रहे एक जहरीले कोबरा सांप से अपने परिवार को बचाने के लिए कुत्ते ने करीब एक घंटे तक संघर्ष किया। इस दौरान उसने सांप को मार गिराया, लेकिन खुद भी कोबरा के जहर से नहीं बच सका और कुछ देर बाद उसकी मौत हो गई।

घटना उभांव गांव की बताई जा रही है, जहां ईंट भट्ठा संचालक दानिश अपने परिवार के साथ रहते हैं। दानिश ने करीब आठ साल पहले लैब्राडोर नस्ल के कुत्ते को पाला था, जिसका नाम टॉमी था। परिवार के लोग उसे सिर्फ पालतू जानवर नहीं बल्कि घर के सदस्य की तरह मानते थे।

जानकारी के अनुसार, रविवार देर रात करीब दो बजे जब पूरा परिवार सो रहा था, तभी टॉमी की नजर घर के बाहर मौजूद कोबरा सांप पर पड़ी। सांप फन फैलाकर लगातार फुफकार रहा था और घर के अंदर जाने की कोशिश कर रहा था। खतरे को भांपते हुए टॉमी जोर-जोर से भौंकने लगा।

कुत्ते के लगातार भौंकने की आवाज सुनकर दानिश और परिवार के अन्य सदस्य जाग गए। इसी बीच टॉमी ने बिना पीछे हटे सांप का सामना करना शुरू कर दिया। कोबरा ने कई बार टॉमी पर हमला किया, लेकिन वह लगातार उससे मुकाबला करता रहा।

मालिक के परिवार की सुरक्षा में लैब्राडोर ने दी जान, कोबरा से भिड़कर बचाई घरवालों की जिंदगी

परिवार के सदस्यों के मुताबिक, दोनों के बीच काफी देर तक संघर्ष चलता रहा। कोबरा खुद को टॉमी की पकड़ से छुड़ाने की कोशिश करता रहा, वहीं टॉमी ने भी उसे छोड़ा नहीं। संघर्ष के दौरान सांप ने टॉमी को कई बार डसा, जिससे उसके शरीर में जहर फैलने लगा। इसके बावजूद टॉमी ने हार नहीं मानी और आखिरकार कोबरा को मार दिया।

सांप के खत्म होने के करीब आधे घंटे बाद टॉमी की हालत बिगड़ गई। जहरीले डंक के कारण उसने भी दम तोड़ दिया। परिवार का कहना है कि अगर टॉमी समय पर सांप का सामना नहीं करता तो कोबरा घर के अंदर पहुंच सकता था और किसी बड़ी अनहोनी की आशंका थी।

टॉमी की मौत से परिवार में शोक का माहौल है। आठ साल से घर के साथ रहने वाले टॉमी को परिवार के लोग अपना सदस्य मानते थे। सोमवार को उन्होंने नम आंखों से उसे अंतिम विदाई दी। परिवार के सदस्यों ने कहा कि टॉमी ने अपनी जान देकर उनकी रक्षा की और उसकी बहादुरी को वे हमेशा याद रखेंगे।

घटना का वीडियो भी सामने आया है, जिसमें टॉमी और कोबरा के बीच हुई इस भिड़ंत को देखा जा सकता है। स्थानीय लोगों के बीच भी टॉमी की वफादारी और साहस की चर्चा हो रही है।

Share this news

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *