सुंदरपुर चौराहे पर चलती ट्रक में लगी भीषण आग, चालक ने कूदकर बचाई जान; लाखों का नुकसान

सुंदरपुर चौराहे पर चलती ट्रक में लगी भीषण आग, चालक ने कूदकर बचाई जान; लाखों का नुकसान

वाराणसी (रणभेरी): लंका थाना क्षेत्र के सुंदरपुर चौराहे पर गुरुवार देर रात एक चलती ट्रक में अचानक आग लगने से इलाके में हड़कंप मच गया। ट्रक चालक ने समय रहते वाहन से बाहर निकलकर अपनी जान बचाई। देखते ही देखते आग ने ट्रक को पूरी तरह अपनी चपेट में ले लिया और सड़क पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

जानकारी के मुताबिक, रात करीब 12 बजे के बाद ट्रक सुंदरपुर चौराहे से गुजर रहा था। इसी दौरान ट्रक के पिछले हिस्से और टायर की तरफ से अचानक धुआं उठने लगा। चालक को जब स्थिति का अंदाजा हुआ तो उसने तुरंत ट्रक रोककर नीचे उतरने की कोशिश की। कुछ ही देर में धुआं तेज लपटों में बदल गया और ट्रक धधकने लगा।

घटना के बाद आसपास मौजूद लोगों ने इसकी सूचना पुलिस और फायर विभाग को दी। सूचना मिलते ही भेलूपुर फायर स्टेशन से दमकल की गाड़ी मौके पर पहुंची। उस समय तक आग काफी विकराल रूप ले चुकी थी। दमकल कर्मियों ने कड़ी मशक्कत शुरू की और करीब 45 मिनट की कार्रवाई के बाद आग पर पूरी तरह नियंत्रण पाया।

सुंदरपुर चौराहे पर चलती ट्रक में लगी भीषण आग, चालक ने कूदकर बचाई जान; लाखों का नुकसान

आग इतनी तेज थी कि ट्रक के कई हिस्से जलकर क्षतिग्रस्त हो गए। बताया गया कि ट्रक का लकड़ी से बना ढांचा और टायर आग की चपेट में आने से पूरी तरह नष्ट हो गए। दमकल कर्मियों की कोशिशों के बावजूद ट्रक का लगभग 75 प्रतिशत हिस्सा जलकर राख हो गया।

स्थानीय लोगों के अनुसार, आग लगने के दौरान सड़क पर कुछ समय के लिए यातायात प्रभावित रहा। सुरक्षा को देखते हुए पुलिस ने आसपास का रास्ता रोक दिया था, ताकि कोई बड़ा हादसा न हो सके।

ट्रक चालक ने बताया कि वाहन खाली था और उसे नहीं पता कि आग किस वजह से लगी। घटना की जानकारी ट्रक मालिक को दे दी गई है। हादसे में किसी व्यक्ति के घायल होने की सूचना नहीं है, लेकिन ट्रक मालिक को लाखों रुपये के नुकसान का अनुमान लगाया जा रहा है।

फिलहाल पुलिस और फायर विभाग की टीम आग लगने के कारणों की जांच कर रही है। प्रारंभिक तौर पर टायर या वाहन के किसी तकनीकी हिस्से में खराबी की आशंका जताई जा रही है।

Share this news

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *