(रणभेरी): नरिया इलाके में शनिवार को निर्माण कार्य के दौरान एक दर्दनाक हादसा हो गया। एक प्राइमरी स्कूल के पास बन रहे होटल की साइट पर अचानक दीवार ढह गई, जिसकी चपेट में आकर एक मजदूर गंभीर रूप से घायल हो गया।
जानकारी के अनुसार, मलबे के नीचे दबने वाला मजदूर 40 वर्षीय राजेश बिंद है, जो मिर्जापुर जिले के रहने वाले हैं। रोज़गार की तलाश में वह अन्य मजदूरों के साथ वाराणसी में काम कर रहे थे। हादसे के वक्त साइट पर कुल 14 मजदूर मौजूद थे।

घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। साथी मजदूरों ने तत्परता दिखाते हुए करीब 15 मिनट की मशक्कत के बाद मलबा हटाकर राजेश को बाहर निकाला। हालांकि, तब तक वह गंभीर रूप से घायल हो चुके थे। उन्हें तुरंत नजदीकी ट्रॉमा सेंटर ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उनकी हालत नाजुक बताई है। डॉक्टरों की टीम उनकी निगरानी में उपचार कर रही है।
स्थानीय लोगों के अनुसार, निर्माण कार्य निजी जमीन पर चल रहा था, जिसका संबंध अविनाश सिंह नामक व्यक्ति से बताया जा रहा है, जबकि ठेकेदारी का जिम्मा अमित सिंह के पास था। घटना के बाद दोनों के मौके से फरार होने की बात सामने आई है।
सूचना मिलने पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि यदि निर्माण में लापरवाही या सुरक्षा मानकों की अनदेखी पाई जाती है तो जिम्मेदार लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
