(रणभेरी): गंजारी में बन रहा अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम अब औपचारिक रूप से क्रिकेट आयोजनों की ओर बढ़ रहा है। अक्टूबर के आखिरी सप्ताह में स्टेडियम के उद्घाटन की तैयारी है। उद्घाटन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के हाथों कराए जाने की योजना है। इसके बाद दिसंबर में यहां पहली बार आधिकारिक घरेलू क्रिकेट मुकाबले खेले जाएंगे।
उत्तर प्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन (यूपीसीए) ने गंजारी स्टेडियम को अंडर-19 कूच बिहार ट्रॉफी के दो मुकाबलों की मेजबानी दी है। पहला मैच तीन से छह दिसंबर के बीच उत्तर प्रदेश और पुडुचेरी के बीच होगा। वहीं, 11 से 14 दिसंबर तक उत्तर प्रदेश और छत्तीसगढ़ की टीमें आमने-सामने होंगी।
जनवरी में WPL मुकाबले कराने की तैयारी
घरेलू क्रिकेट के बाद गंजारी स्टेडियम में महिला प्रीमियर लीग (WPL) के मैच आयोजित कराने की दिशा में भी तैयारी चल रही है। 2027 का WPL जनवरी से फरवरी के बीच प्रस्तावित है और वाराणसी को इसके संभावित आयोजन स्थलों में शामिल करने पर विचार किया जा रहा है। यदि स्टेडियम जनवरी तक पूरी तरह संचालन के लिए तैयार हो जाता है तो यहां WPL के मुकाबले खेले जा सकते हैं।
अक्टूबर में निर्माण एजेंसी करेगी हैंडओवर
मैदान, पिच और क्रिकेट से जुड़ी दूसरी सुविधाओं का बीसीसीआई स्तर पर निरीक्षण किया जा चुका है। इसके बाद स्टेडियम में नियमित क्रिकेट गतिविधियां शुरू करने का रास्ता साफ हुआ है। यूपीसीए के मुताबिक निर्माण एजेंसी अक्टूबर में स्टेडियम को संबंधित संस्था को सौंप सकती है।
हैंडओवर से पहले भी मैदान पर अभ्यास मुकाबले, मैत्री मैच और टीमों के प्रशिक्षण शिविर आयोजित किए जाने की योजना है। इससे पिच और अन्य सुविधाओं को आधिकारिक मैचों से पहले परखा जा सकेगा।
काशी की संस्कृति दिखेगी स्टेडियम की वास्तुकला में
गंजारी स्टेडियम की डिजाइन में वाराणसी की सांस्कृतिक पहचान को प्रमुखता दी गई है। इसकी आधारशिला 23 सितंबर 2023 को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रखी थी। स्टेडियम की फ्लडलाइट को त्रिशूल का स्वरूप दिया गया है, जबकि पवेलियन का डिजाइन डमरू से प्रेरित है। इसके अलावा अर्धचंद्राकार छत और घाट की सीढ़ियों की तर्ज पर तैयार दर्शक दीर्घा इसे अलग पहचान देती है।
30 हजार दर्शकों के बैठने की क्षमता
करीब 450 करोड़ रुपये की अनुमानित लागत से तैयार हो रहे इस स्टेडियम में लगभग 30 हजार दर्शकों के बैठने की व्यवस्था होगी। मैदान को डे-नाइट क्रिकेट मुकाबलों के अनुरूप भी विकसित किया जा रहा है।
गंजारी स्टेडियम के शुरू होने से वाराणसी में बड़े स्तर के क्रिकेट आयोजन के लिए एक नया विकल्प उपलब्ध होगा। घरेलू क्रिकेट के साथ भविष्य में राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर के मुकाबलों की मेजबानी की संभावनाएं भी बढ़ेंगी।
