वाराणसी (रणभेरी): वाराणसी के फूलपुर थाना क्षेत्र के ब्यौहरियापुर गांव में शनिवार दोपहर रील बनाने के दौरान अचानक गोली चल गई। गोली लगने से गांव का ही 16 वर्षीय किशोर गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया। घायल किशोर को पहले पिंडरा पीएचसी ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने उसकी गंभीर हालत को देखते हुए बीएचयू ट्रॉमा सेंटर रेफर कर दिया। घायल किशोर की पहचान ब्यौहरियापुर गांव निवासी प्रहलाद चौहान के बेटे नीतिन चौहान के रूप में हुई है। उसे बीएचयू ट्रॉमा सेंटर में भर्ती कराया गया है, जहां उसकी हालत नाजुक बताई जा रही है।
दो दोस्तों के साथ बना रहा था रील
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, नीतिन शनिवार दोपहर गांव में ही अपने दो दोस्तों के साथ मोबाइल फोन से रील बना रहा था। इसी दौरान अचानक गोली चल गई और नीतिन को लग गई। गोली की आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और घायल किशोर को अस्पताल पहुंचाने की व्यवस्था की।
पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शुरू की जांच
घटना की जानकारी मिलते ही कठिरांव चौकी पुलिस और फूलपुर थाना प्रभारी पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और आसपास मौजूद लोगों से पूछताछ की। पुलिस घटना से जुड़े तथ्यों की जांच कर रही है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है, ताकि गोली चलने की पूरी घटना का पता लगाया जा सके। फिलहाल पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि गोली किस हथियार से और किन परिस्थितियों में चली। मामले में जांच के बाद ही घटना की पूरी तस्वीर स्पष्ट हो सकेगी।
