मां से कहा था- दो मिनट में लौट रहा हूं, पीछे से वाहन की टक्कर से 30 फीट नीचे गिरा किशोर; हाईस्कूल में मिले थे 92.4 प्रतिशत अंक
(रणभेरी): संतकबीरनगर के खलीलाबाद में रविवार देर रात दर्दनाक हादसे में शिक्षक के 17 वर्षीय इकलौते बेटे की मौत हो गई। शाश्वत राय गिटार खरीदकर बाइक से घर लौट रहा था। नूर मस्जिद के सामने ओवरब्रिज से गुजरते समय पीछे से किसी वाहन ने उसकी बाइक में टक्कर मार दी। इससे वह करीब 30 फीट नीचे सड़क पर जा गिरा। हादसे में उसकी मौत हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। बेटे की मौत की खबर सुनकर परिवार में कोहराम मच गया। पोस्टमार्टम हाउस पर बेटे का शव देखकर माता-पिता बेहोश हो गए।
मां से कहा था, दो मिनट में लौट रहा हूं
शाश्वत के चाचा संजित राय ने बताया कि वह रविवार रात करीब आठ बजे बाइक से गिटार लेने के लिए घर से निकला था। रात करीब 12 बजे गिटार लेकर लौटते समय हादसा हो गया। परिजनों के मुताबिक, घर से निकलते समय शाश्वत ने मां अनिता राय से कहा था कि दो मिनट में गिटार लेकर लौट रहा हूं। किसी को अंदाजा नहीं था कि यह उसकी आखिरी विदाई साबित होगी।

सोमवार को जाना था इलाहाबाद
शाश्वत इलाहाबाद में रहकर पढ़ाई करता था। मूल रूप से मेंहदावल के अव्वल केवटलिया मोहल्ले का निवासी था। पिछले पांच वर्षों से उसके माता-पिता और चार साल की बहन खलीलाबाद शहर में किराये के मकान में रह रहे थे। उसके पिता संजय राय मेंहदावल विकासखंड के गगनई बाबू स्थित कंपोजिट विद्यालय में सरकारी शिक्षक हैं, जबकि मां अनिता राय ब्लूमिंग बड्स स्कूल में पढ़ाती हैं।

चाचा ने बताया कि शाश्वत नवरात्रि से दो दिन पहले घर आया था। सोमवार को उसे वापस इलाहाबाद जाना था। इसके लिए सामान की पैकिंग भी हो चुकी थी, लेकिन उससे पहले ही हादसे ने परिवार की खुशियां छीन लीं।
हाईस्कूल में मिले थे 92.4 प्रतिशत अंक
शाश्वत पढ़ाई में बेहद होनहार था। उसने हाईस्कूल की परीक्षा में 92.4 प्रतिशत अंक हासिल किए थे। उसकी उपलब्धि पर जिलाधिकारी ने उसे सम्मानित भी किया था। शाश्वत ने आईईआरटी की परीक्षा में 500वीं रैंक हासिल की थी। उसका सपना इंजीनियर बनने का था। बेटे की असमय मौत से परिवार ही नहीं, परिचितों और क्षेत्र के लोगों में भी शोक की लहर है।
पोस्टमार्टम हाउस पहुंचे जनप्रतिनिधि
हादसे की जानकारी मिलने के बाद पोस्टमार्टम हाउस पर लोगों की भीड़ जुट गई। मेंहदावल के विधायक अनिल त्रिपाठी और सपा नेता व पूर्व विधानसभा प्रत्याशी जयराम पांडेय भी पहुंचे। दोनों ने शोक संतप्त परिजनों को सांत्वना दी और दुख की इस घड़ी में ढांढस बंधाया।
