हापुड़ में प्रॉपर्टी डीलर की गोली मारकर हत्या: शादी से लौटते वक्त कार रोककर बरसाईं गोलियां, भाजपा नेता समेत 8 पर केस

हापुड़ में प्रॉपर्टी डीलर की गोली मारकर हत्या: शादी से लौटते वक्त कार रोककर बरसाईं गोलियां, भाजपा नेता समेत 8 पर केस

(रणभेरी): उत्तर प्रदेश के हापुड़ जिले में प्रॉपर्टी डीलर की गोली मारकर हत्या किए जाने से इलाके में सनसनी फैल गई। वारदात सोमवार रात पिलखुआ क्षेत्र की रिलायंस रोड पर हुई, जहां बदमाशों ने कार रोककर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। गंभीर रूप से घायल प्रॉपर्टी कारोबारी को अस्पताल पहुंचाया गया, लेकिन देर रात इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।

मृतक की पहचान गालंद गांव निवासी अतुल तोमर (32) के रूप में हुई है। घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया। परिजनों ने पुराने प्रॉपर्टी विवाद में हत्या का आरोप लगाते हुए भाजपा नेता समेत कई लोगों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।

हापुड़ में प्रॉपर्टी डीलर की गोली मारकर हत्या: शादी से लौटते वक्त कार रोककर बरसाईं गोलियां, भाजपा नेता समेत 8 पर केस

शादी समारोह से लौटते समय हमला

जानकारी के मुताबिक अतुल तोमर सोमवार को गाजियाबाद के भोजपुर क्षेत्र में आयोजित एक शादी समारोह में शामिल होने गए थे। उसी कार्यक्रम में गांव के ही कुछ लोग भी पहुंचे थे, जिनसे उनका लंबे समय से जमीन और प्लॉट को लेकर विवाद चल रहा था।

बताया जा रहा है कि समारोह के दौरान दोनों पक्षों के बीच कहासुनी भी हुई थी। रात करीब 10:45 बजे अतुल अपनी कार से घर लौट रहे थे। इसी दौरान बाइक सवार हमलावरों ने उनका पीछा किया और रिलायंस रोड पर कार रुकवा ली।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार बदमाशों ने पहले कार का शीशा नीचे करने को कहा। जब अतुल ने कार नहीं रोकी तो आरोपियों ने शीशा तोड़ दिया और फायरिंग शुरू कर दी। गोली सीधे अतुल के सीने में लगी। गोली लगते ही वह कार में ही लहूलुहान होकर गिर पड़े।

हापुड़ में प्रॉपर्टी डीलर की गोली मारकर हत्या: शादी से लौटते वक्त कार रोककर बरसाईं गोलियां, भाजपा नेता समेत 8 पर केस

गोलियों की आवाज से दहशत

फायरिंग की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके की ओर दौड़े। हमलावर वारदात को अंजाम देकर फरार हो गए। सूचना मिलते ही पुलिस पहुंची और घायल अतुल को अस्पताल भिजवाया गया। डॉक्टरों ने देर रात उन्हें मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद गांव में भारी तनाव का माहौल है। पुलिस ने इलाके में अतिरिक्त फोर्स तैनात की है।

परिवार ने लगाया साजिश का आरोप

मृतक के परिजनों का कहना है कि एक प्लॉट को लेकर पिछले करीब तीन साल से विवाद चल रहा था। इसी रंजिश में हत्या की वारदात को अंजाम दिया गया। अतुल की मां मधु तोमर ने आरोप लगाया कि गांव के कुछ लोग लगातार उनके बेटे को धमकियां दे रहे थे। उन्होंने कहा कि मुख्य आरोपी पहले भी कई गंभीर मामलों में जेल जा चुका है। परिवार ने साफ कहा है कि आरोपियों की गिरफ्तारी और सख्त कार्रवाई तक अंतिम संस्कार नहीं किया जाएगा।

भाजपा नेता समेत 8 लोगों पर FIR

पुलिस ने परिजनों की तहरीर के आधार पर भाजपा नेता बताए जा रहे नवीन तोमर समेत 8 लोगों के खिलाफ हत्या और साजिश की धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है।

पुलिस सूत्रों के मुताबिक आरोपियों में कुछ लोग प्रॉपर्टी कारोबार से जुड़े हैं और उनका पहले से आपराधिक इतिहास भी सामने आया है। दो संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है, जबकि मुख्य आरोपी समेत अन्य की तलाश जारी है।

पुलिस कई एंगल से कर रही जांच

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि वारदात पूरी योजना के तहत की गई प्रतीत हो रही है। आरोपियों की लोकेशन और मूवमेंट खंगालने के लिए सीसीटीवी फुटेज, मोबाइल कॉल डिटेल और सर्विलांस की मदद ली जा रही है। एएसपी विनीत भटनागर ने बताया कि शुरुआती जांच में मामला प्रॉपर्टी और पैसों के विवाद से जुड़ा मिला है। पुलिस टीमें लगातार दबिश दे रही हैं और जल्द आरोपियों को गिरफ्तार करने का दावा किया जा रहा है।

Share this news

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *