(रणभेरी): गाजियाबाद जिले के लोनी बॉर्डर थाना क्षेत्र स्थित रतिराम कॉलोनी में मामूली बात पर हुआ विवाद खूनी संघर्ष में बदल गया। देर रात बाइक का हॉर्न बजाने को लेकर शुरू हुई कहासुनी के बाद दबंग युवक ने ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। गोली लगने से 25 वर्षीय युवक की इलाज के दौरान मौत हो गई, जबकि उसका छोटा भाई घायल हो गया। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया। पुलिस ने मुख्य आरोपी के पिता और पत्नी को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है, जबकि मुख्य आरोपी अभी फरार है।
पुलिस के अनुसार मृतक की पहचान रतिराम कॉलोनी निवासी विपिन कुमार (25) के रूप में हुई है। घायल उसका छोटा भाई गौरव है, जिसके हाथ में गोली लगी है। घायल का उपचार चल रहा है।
रिश्तेदारों को छोड़कर लौट रहे थे दोनों भाई
परिजनों और प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, रविवार देर रात पड़ोसी पवन के घर एक पारिवारिक कार्यक्रम था। कार्यक्रम समाप्त होने के बाद कुछ रिश्तेदारों को रास्ता दिखाने के लिए विपिन और उसका भाई गौरव दो बाइक से लोनी बॉर्डर स्थित नहर पुलिया तक गए थे। रिश्तेदारों को छोड़ने के बाद जब सभी वापस लौट रहे थे, तभी रास्ते में कुछ युवक सड़क पर खड़े मिले।
बताया गया कि बाइक निकालने के लिए विपिन ने हॉर्न बजाया। इसी बात पर वहां मौजूद युवकों ने आपत्ति जताई और दोनों पक्षों के बीच कहासुनी शुरू हो गई। देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि आरोपियों ने अवैध पिस्टल निकालकर फायरिंग शुरू कर दी।

पहली गोली भाई को लगी, दूसरी ने ले ली जान
गौरव ने पुलिस को दिए बयान में बताया कि आरोपियों ने पहले उस पर गोली चलाई, जो उसके हाथ में लगी। इसके बाद विपिन को निशाना बनाकर दो और गोलियां दागी गईं। एक गोली उसकी जेब में रखे मोबाइल फोन से टकरा गई, जबकि दूसरी गोली पेट में जा लगी। गोली लगते ही विपिन सड़क पर गिर पड़ा।
घटना के समय उनके साथ मौजूद दो अन्य युवक जान बचाकर मौके से भाग गए। गौरव ने शोर मचाया तो हमलावर वहां से फरार हो गए। इसके बाद घायल विपिन को पहले नजदीकी अस्पताल ले जाया गया, लेकिन हालत गंभीर होने पर दिल्ली के जीटीबी अस्पताल रेफर कर दिया गया, जहां उपचार के दौरान देर रात उसकी मौत हो गई।

“मेरी आंखों के सामने भाई को मार दिया”
घायल गौरव ने बताया कि पूरी वारदात उसकी आंखों के सामने हुई। उसने कहा कि केवल बाइक का हॉर्न बजाने की बात पर आरोपियों ने हमला कर दिया। पहले उसे गोली मारी गई और फिर उसके बड़े भाई को निशाना बनाया गया। उसने बताया कि जब तक लोग मौके पर पहुंचते, आरोपी भाग चुके थे।
दोस्त ने भी बताई पूरी घटना
घटना के समय मौजूद विपिन के दोस्त पवन ने पुलिस को बताया कि उसके घर पारिवारिक कार्यक्रम था। रिश्तेदार इलाके से परिचित नहीं थे, इसलिए उन्हें छोड़ने के लिए सभी नहर पुलिया तक गए थे। लौटते समय रास्ते में कुछ युवकों से विवाद हो गया। आरोप है कि सोनू नामक युवक ने पहले विपिन पर गोली चलाई और जमीन पर गिरने के बाद भी उस पर दोबारा फायर किया। मृतक विपिन दिल्ली के शाहदरा स्थित एक फैक्ट्री में काम करता था। उसकी मौत के बाद परिवार में मातम पसरा हुआ है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

पुलिस ने शुरू की कार्रवाई
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। डीसीपी देहात सुरेंद्रनाथ तिवारी ने बताया कि मामले में हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। सभी पहलुओं की जांच की जा रही है और फरार आरोपी की तलाश में कई टीमें लगाई गई हैं।
आरोपी का पिता और पत्नी गिरफ्तार
मृतक के भाई की तहरीर पर लोनी बॉर्डर थाने में हत्या का मामला दर्ज किया गया है। पुलिस ने मुख्य आरोपी सोनू के पिता ब्रह्मपाल, निवासी बेहटा हाजीपुर, तथा उसकी पत्नी आशा को गिरफ्तार कर लिया है। हालांकि मुख्य आरोपी सोनू अभी पुलिस की गिरफ्त से बाहर है। उसकी तलाश के लिए लगातार दबिश दी जा रही है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
