आगरा में रेलवे ट्रैक पर मिला एयरफोर्स जवान का शव, पत्नी से ट्रेन में हुआ था विवाद; अछनेरा में उतरकर उठाया खौफनाक कदम

आगरा में रेलवे ट्रैक पर मिला एयरफोर्स जवान का शव, पत्नी से ट्रेन में हुआ था विवाद; अछनेरा में उतरकर उठाया खौफनाक कदम

(रणभेरी): आगरा में अछनेरा रेलवे स्टेशन के पास गुरुवार सुबह रेलवे ट्रैक पर एयरफोर्स के 35 वर्षीय जवान का शव मिलने से सनसनी फैल गई। शव की हालत बेहद गंभीर थी और ट्रेन की चपेट में आने से शरीर दो हिस्सों में बंट गया था। यात्रियों की नजर जब ट्रैक पर पड़े शव पर पड़ी तो उन्होंने इसकी सूचना स्टेशन मास्टर को दी। सूचना मिलने के बाद रेलवे पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की।

मृतक की पहचान राजस्थान के नागौर जिले के खींवसर निवासी नैनाराम के रूप में हुई है। वह अपनी पत्नी शोभा और दो बच्चों के साथ हावड़ा एक्सप्रेस से प्रयागराज की यात्रा कर रहे थे। पुलिस के अनुसार, प्रारंभिक जांच में मामला आत्महत्या का लग रहा है, हालांकि मौत की वास्तविक वजह पोस्टमार्टम और विस्तृत जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।

मोबाइल पर लगातार आ रही थी पत्नी की कॉल

पुलिस के मौके पर पहुंचने के समय मृतक के मोबाइल फोन पर लगातार कॉल आ रही थीं। फोन लॉक होने के कारण पुलिस ने उसकी पहचान और परिजनों तक पहुंचने के लिए मोबाइल अनलॉक करने की कोशिश की। पुलिस के मुताबिक, फिंगरप्रिंट की मदद से फोन खोला गया।

फोन की जांच के दौरान जवान के चाचा की कॉल भी मिली। पुलिस ने उनसे संपर्क किया, लेकिन उन्हें जवान के वर्तमान ठिकाने की जानकारी नहीं थी। इसी दौरान पत्नी शोभा की कॉल आई। वह अपने पति से बात करना चाहती थीं।

पुलिस ने तत्काल मौत की जानकारी देने के बजाय उन्हें बताया कि उनके पति घायल हुए हैं और उन्हें इलाज के लिए एसएन मेडिकल कॉलेज ले जाया जा रहा है। उनसे अस्पताल पहुंचने को कहा गया। उस समय तक ट्रेन आगरा पहुंच चुकी थी। पत्नी बच्चों के साथ आगरा रेलवे स्टेशन पर उतरीं और अस्पताल पहुंचीं, जहां उन्हें पति की मौत की जानकारी मिली।

यात्रियों ने बताया- ट्रेन में हुआ था विवाद

जीआरपी और पुलिस अधिकारियों ने ट्रेन में सफर कर रहे यात्रियों से पूछताछ की। पूछताछ में सामने आया कि यात्रा के दौरान नैनाराम और उनकी पत्नी के बीच किसी बात को लेकर विवाद हुआ था।

यात्रियों के मुताबिक, अछनेरा स्टेशन पर ट्रेन के रुकने के दौरान जवान नीचे उतर गए। इसके बाद ट्रेन रवाना होने लगी। इसी दौरान उन्होंने रेलवे ट्रैक पर जाकर लेटने की कोशिश की। ट्रेन की चपेट में आने से उनकी मौके पर ही मौत हो गई। हालांकि पुलिस अभी यात्रियों के बयानों की पुष्टि करने में जुटी है। अधिकारियों का कहना है कि घटना से पहले पति-पत्नी के बीच किस बात को लेकर विवाद हुआ था, यह जांच का महत्वपूर्ण हिस्सा है।

आगरा में रेलवे ट्रैक पर मिला एयरफोर्स जवान का शव, पत्नी से ट्रेन में हुआ था विवाद; अछनेरा में उतरकर उठाया खौफनाक कदम

आगरा पहुंचने पर पत्नी को हुई पति के ट्रेन से उतरने की जानकारी

ट्रेन अछनेरा से आगे निकल गई और जब कई स्टेशन पार करने के बाद आगरा के ईदगाह स्टेशन पहुंची तो पत्नी को अपने पति के कोच में मौजूद न होने का पता चला। उन्होंने नैनाराम के मोबाइल पर फोन करना शुरू किया। इसी बीच पुलिस को शव के पास मोबाइल मिला और उनकी कॉल रिसीव हुई। पुलिस ने उन्हें अस्पताल पहुंचने के लिए कहा। बाद में अस्पताल में परिजनों को जवान की मौत की जानकारी दी गई।

प्लेटफॉर्म की तरफ नहीं, दूसरी ओर मिला शव

जीआरपी अधिकारियों के अनुसार, शव प्लेटफॉर्म की ओर वाले हिस्से में नहीं बल्कि रेलवे ट्रैक की दूसरी तरफ मिला। शव की स्थिति और मौके से मिले प्रारंभिक तथ्यों के आधार पर पुलिस आत्महत्या की आशंका जता रही है।

हालांकि अधिकारियों ने यह भी स्पष्ट किया है कि अभी किसी निष्कर्ष पर पहुंचना जल्दबाजी होगी। घटना से जुड़े सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। यात्रियों, पत्नी और अन्य परिजनों के बयान दर्ज किए जाएंगे।

पोस्टमार्टम के बाद सामने आएगी मौत की वजह

पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। जवान के परिवार के लोग भी पोस्टमार्टम की प्रक्रिया के लिए पहुंच रहे हैं। पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि ट्रेन में विवाद किस बात को लेकर हुआ था और उसके बाद वास्तव में क्या घटनाक्रम हुआ। जीआरपी इंस्पेक्टर दीपक कुमार के मुताबिक, स्टेशन मास्टर की सूचना पर पुलिस टीम घटनास्थल पर पहुंची थी। मौके पर मिले मोबाइल के जरिए परिजनों से संपर्क किया गया। वहीं, सीओ राजेश दीक्षित ने बताया कि यात्रियों से पूछताछ की जा रही है और उनके बयान दर्ज किए जाएंगे।

Share this news

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *