वाराणसी (रणभेरी): पहड़िया स्थित लाल बहादुर शास्त्री नवीन मंडी परिसर में मंगलवार सुबह आठ बजे से खंड स्नातक एवं शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र के एमएलसी चुनाव की मतगणना शुरू हो गई। मतगणना स्थल पर सबसे पहले विभिन्न जिलों से आए मतपत्रों को छांटकर 50-50 के बंडल बनाए जा रहे हैं। इसके बाद मतपत्रों की गिनती शुरू होगी। प्रशासन ने मतगणना को लेकर सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए हैं। अधिकारियों के अनुसार, शुरुआती रुझान पांच घंटे बाद आने की उम्मीद है।
शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र का परिणाम देर शाम तक, जबकि स्नातक निर्वाचन क्षेत्र का नतीजा बुधवार तक आने की संभावना है।
मतगणना स्थल पर वाराणसी, जौनपुर, गाजीपुर, बलिया, मीरजापुर, सोनभद्र, चंदौली और भदोही समेत आठ जिलों से आए मतपत्रों की गिनती की जाएगी। पहले चरण में मतपत्रों को अलग-अलग कर बंडल बनाने का काम किया जा रहा है। इसके बाद अलग-अलग चक्रों में मतगणना होगी। इस प्रक्रिया में समय लगने के कारण परिणाम आने में देर होने की संभावना है।
मतगणना स्थल के बाहर तक सीमित रही मीडिया की पहुंच
मतगणना की कवरेज के लिए पहुंचे पत्रकारों को गेट के बाहर से ही रिपोर्टिंग की अनुमति दी गई है। मतगणना कक्ष के भीतर मीडिया कर्मियों के प्रवेश पर रोक है। मौके पर मौजूद अधिकारियों ने बताया कि आयोग के निर्देशों के तहत मीडिया को मतगणना कक्ष में जाने की अनुमति नहीं है। अधिकारी इस संबंध में आयोग की ओर से जारी आदेश भी दिखा रहे हैं। ऐसे में भीतर चल रही मतगणना की गतिविधियों की प्रत्यक्ष जानकारी सामने नहीं आ पा रही है। मतगणना स्थल पर अलग से बनाए गए आरओ टेबल पर आंकड़ों की डाटा एंट्री की जा रही है।
एक किलोमीटर के दायरे में सुरक्षा घेरा
मतगणना स्थल पर तीन स्तरीय सुरक्षा व्यवस्था लागू की गई है। परिसर के 200 मीटर के दायरे में अनधिकृत लोगों के प्रवेश पर रोक है, जबकि एक किलोमीटर की परिधि में आउटर कार्डन बनाया गया है। इसके भीतर केवल वैध प्रवेश पास वाले अधिकृत व्यक्तियों को सघन जांच और पास सत्यापन के बाद प्रवेश दिया जा रहा है।
पुलिस आयुक्त मोहित अग्रवाल ने मंगलवार को मतगणना स्थल का निरीक्षण कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। उन्होंने बताया कि मतगणना परिसर में मोबाइल फोन, ज्वलनशील पदार्थ, स्याही वाली पेन, नुकीली वस्तुएं, पानी की बोतल, लाइटर और पान मसाला समेत प्रतिबंधित सामान ले जाने की अनुमति नहीं है। सुरक्षा व्यवस्था की निगरानी सीसीटीवी कैमरों और ड्रोन के माध्यम से की जा रही है। कंट्रोल रूम से भी लगातार नजर रखने के निर्देश दिए गए हैं।
स्नातक सीट पर आशुतोष सिन्हा और केदारनाथ सिंह में मुकाबला
वाराणसी खंड स्नातक निर्वाचन क्षेत्र में सपा के आशुतोष सिन्हा और भाजपा के केदारनाथ सिंह के बीच मुकाबला माना जा रहा है। वहीं, खंड शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र में सपा के लाल बिहारी यादव और भाजपा के प्रमोद कुमार मिश्रा के बीच सीधी टक्कर की संभावना है। दोनों सीटों के परिणाम पर राजनीतिक दलों और समर्थकों की नजरें टिकी हुई हैं।
मतगणना स्थल के बाहर विभिन्न राजनीतिक दलों के कार्यकर्ता और समर्थक जुटे हैं। सपा के कार्यकर्ता और पदाधिकारी भी मंडी परिसर के बाहर मौजूद रहकर मतगणना के रुझानों का इंतजार कर रहे हैं। परिसर के प्रतिबंधित दायरे में प्रवेश नहीं मिलने के कारण समर्थक बाहर से ही स्थिति पर नजर रखे हुए हैं।
मंडलायुक्त और जिलाधिकारी कर रहे निगरानी
मतगणना की व्यवस्था पर मंडलायुक्त एस. राजलिंगम और जिलाधिकारी सत्येंद्र कुमार सुबह से नजर बनाए हुए हैं। प्रत्येक टेबल पर होने वाली मतगणना की गतिविधियों की सीसीटीवी कैमरों से निगरानी की जा रही है। चुनाव प्रेक्षक भी पूरी प्रक्रिया पर नजर रख रहे हैं। प्रशासन का जोर मतगणना को शांतिपूर्ण, निष्पक्ष और पारदर्शी तरीके से संपन्न कराने पर है।
अधिकारियों के अनुसार, शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र का परिणाम देर शाम तक आने की उम्मीद है। वहीं, स्नातक निर्वाचन क्षेत्र की मतगणना में अधिक समय लगने के कारण इसका परिणाम बुधवार तक आने की संभावना जताई जा रही है। मतगणना के शुरुआती रुझान सामने आने के बाद दोनों सीटों पर मुकाबले की तस्वीर कुछ हद तक साफ होने की उम्मीद है।
