(रणभेरी): देवगांव कोतवाली क्षेत्र के परसौरा गांव के लिए रविवार की रात बेहद दुखद साबित हुई। कांवड़ यात्रा के दौरान पवित्र जल लेकर घर लौट रहे दो युवकों को वाराणसी जिले में एक टोल प्लाजा के समीप विपरीत दिशा से आ रही मोटरसाइकिल ने टक्कर मार दी। हादसे में दोनों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। अस्पताल में उपचार के दौरान एक युवक की मौत हो गई, जबकि दूसरे का इलाज जारी है। घटना की जानकारी मिलते ही परसौरा गांव में शोक की लहर दौड़ गई।
जानकारी के मुताबिक, देवगांव कोतवाली क्षेत्र के परसौरा गांव से करीब 50 युवक रविवार को कांवड़ यात्रा के लिए निकले थे। यात्रा पूरी करने के बाद सभी पवित्र जल लेकर वापस लौट रहे थे। इसी दौरान रविवार की देर रात करीब 12:45 बजे वाराणसी जिले में स्थित एक टोल प्लाजा के पास हादसा हो गया।
बताया गया कि संदीप गुप्ता पुत्र गुलाब गुप्ता और राकेश पुत्र सहंगी लौट रहे कांवड़ियों के साथ थे। इसी बीच विपरीत दिशा से तेज गति में आ रही एक मोटरसाइकिल ने दोनों को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही दोनों सड़क पर गिर पड़े और गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद मौके पर मौजूद साथी कांवड़ियों में अफरा-तफरी मच गई।
साथी कांवड़ियों ने तत्काल दोनों घायलों को उपचार के लिए लालगंज अस्पताल पहुंचाया। चिकित्सकों ने संदीप गुप्ता की हालत गंभीर देखते हुए जांच की, लेकिन उसे मृत घोषित कर दिया। वहीं राकेश का अस्पताल में उपचार चल रहा है। उसकी स्थिति को लेकर चिकित्सकों की निगरानी में इलाज किया जा रहा है।
वाराणसी ले जाया गया शव
संदीप की मौत के बाद शव को वाराणसी ले जाया गया, जहां पोस्टमार्टम की कार्रवाई की जा रही है। पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी होने का परिजन और ग्रामीण इंतजार कर रहे हैं। हादसे की सूचना घर पहुंचते ही परिवार में कोहराम मच गया।
सोमवार सुबह करीब 11 बजे तक परसौरा गांव का माहौल पूरी तरह गमगीन रहा। जिस गांव से रविवार को करीब 50 युवक धार्मिक यात्रा के लिए उत्साह के साथ निकले थे, वहां सोमवार सुबह एक युवक की मौत की खबर से मातम छा गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
ग्रामीणों के मुताबिक, संदीप की मौत से गांव के लोग भी स्तब्ध हैं। कांवड़ यात्रा से सकुशल लौटने की उम्मीद के बीच हुए इस हादसे ने परिवार और ग्रामीणों को गहरा सदमा दिया है। वहीं घायल राकेश के जल्द स्वस्थ होने के लिए लोग प्रार्थना कर रहे हैं।
