खड़गे के बयान के समर्थन में उतरे अजय राय, बोले- उनके साथ डटकर खड़ा है कांग्रेस का एक-एक कार्यकर्ता

खड़गे के बयान के समर्थन में उतरे अजय राय, बोले- उनके साथ डटकर खड़ा है कांग्रेस का एक-एक कार्यकर्ता

भाजपा पर दलित समाज के अपमान का लगाया आरोप, कहा- वाल्मीकि समाज के साथ भी हुआ अत्याचार और अन्याय

वाराणसी (रणभेरी): महर्षि वाल्मीकि जयंती के अवसर पर कांग्रेस के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष अजय राय ने मिंट हाउस स्थित महर्षि वाल्मीकि की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की। इस दौरान उन्होंने कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे के बयान का समर्थन करते हुए कहा कि उनकी बात से कांग्रेस का एक-एक कार्यकर्ता पूरी मजबूती के साथ खड़ा है। अजय राय ने भारतीय जनता पार्टी पर राजनीतिक विरोध के नाम पर माहौल खराब करने और दलित समाज का अपमान करने का आरोप भी लगाया।

अजय राय ने कहा कि भाजपा ने देश का वातावरण खराब कर रखा है। उसका काम आपसी भाईचारे को खत्म करना, तनाव पैदा करना और लोगों को आपस में लड़ाना है। उन्होंने कहा कि मल्लिकार्जुन खड़गे दलित समाज से आते हैं और आज भाजपा की ओर से उनका पुतला जलाकर विरोध किया जा रहा है। यह दलित समाज का अपमान है।

उन्होंने कहा कि मल्लिकार्जुन खड़गे हमेशा गरीबों, दलितों, आम लोगों और शोषित-वंचित वर्गों की आवाज उठाते रहे हैं। उनका चरित्र बेदाग रहा है और उन्होंने हमेशा मजबूती के साथ समाज के मुद्दों को सामने रखा है।

खड़गे के बयान पर कांग्रेस कार्यकर्ताओं के साथ होने का दावा

बिहार में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को लेकर मल्लिकार्जुन खड़गे की ओर से दिए गए बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए अजय राय ने कहा कि वह खड़गे की बात से पूरी तरह सहमत हैं। उन्होंने कहा कि उनके बयान के साथ कांग्रेस का एक-एक कार्यकर्ता मजबूती से खड़ा है।

अजय राय ने केंद्र सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि आज देश में अत्याचार और अन्याय हो रहा है। इससे अमीर, गरीब और सामान्य वर्ग के लोग परेशान हैं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस अपने नेताओं के साथ मजबूती से खड़ी है और अन्याय के खिलाफ आवाज उठाती रहेगी।

सीवर हादसों का जिक्र कर भाजपा को घेरा

अजय राय ने वाराणसी में सीवर सफाई के दौरान वाल्मीकि समाज के लोगों की मौत के मामलों का जिक्र करते हुए भाजपा पर गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि शहर में कई जगह वाल्मीकि समाज के लोगों को बिना लाइफ सपोर्ट सिस्टम के सीवर में उतारा गया, जहां उनकी जान चली गई। उनके मुताबिक, हादसों के बाद भी पीड़ित परिवारों को मदद दिलाने के लिए दबाव बनाना पड़ा।

उन्होंने मछोदरी और चौकाघाट की घटनाओं का उल्लेख करते हुए कहा कि वाल्मीकि समाज के लोगों के साथ अत्याचार और अन्याय हुआ है। अजय राय ने आरोप लगाया कि भाजपा दलितों और वाल्मीकि समाज के हितों की अनदेखी कर रही है। महर्षि वाल्मीकि जयंती पर आयोजित कार्यक्रम के दौरान अजय राय ने सामाजिक समानता, भाईचारे और वंचित वर्गों के अधिकारों का मुद्दा उठाते हुए भाजपा की नीतियों पर सवाल खड़े किए।

Share this news

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *