शिल्पा राव की परफॉर्मेंस बीच में रोकी, दो बार बंद किया माइक; दर्शकों ने लगाए ‘शिल्पा-शिल्पा’ के नारे

शिल्पा राव की परफॉर्मेंस बीच में रोकी, दो बार बंद किया माइक; दर्शकों ने लगाए ‘शिल्पा-शिल्पा’ के नारे

(रणभेरी): बॉलीवुड म्यूजिक प्रोजेक्ट के 10वें एडिशन में शनिवार को नेशनल अवॉर्ड विजेता गायिका शिल्पा राव की परफॉर्मेंस अचानक रोक दिए जाने से विवाद खड़ा हो गया। मुंबई के जियो वर्ल्ड गार्डन्स में आयोजित कार्यक्रम के दौरान शिल्पा का माइक दो बार बंद किया गया और मेन स्टेज की लाइट बुझा दी गई। इसी दौरान दूसरे स्टेज पर गायक कुटले खान की प्रस्तुति शुरू हो गई। घटना से नाराज दर्शकों ने शिल्पा के समर्थन में नारे लगाए। बाद में शिल्पा ने सोशल मीडिया पर दुख जताया, जबकि आयोजकों ने कार्यक्रम में हुई असुविधा के लिए माफी मांगी।

तय समय से देरी से शुरू हुई प्रस्तुति

बॉलीवुड हंगामा की रिपोर्ट के अनुसार, कार्यक्रम में दो स्टेज बनाए गए थे। मेन स्टेज पर प्रस्तुति के बाद कलाकार दूसरे स्टेज पर जाते थे और वहां कार्यक्रम समाप्त होने पर अगले कलाकार मेन स्टेज पर आते थे। पहले की प्रस्तुतियों में देरी के कारण कार्यक्रम निर्धारित समय से पीछे चल रहा था।

शिल्पा राव की प्रस्तुति शाम 7:45 से 8:15 बजे तक निर्धारित थी, लेकिन वह करीब 8:30 बजे स्टेज पर पहुंचीं। उन्होंने फिल्म ‘अनवर’ के गीत ‘तोसे नैना लागे’ से प्रस्तुति शुरू की। गाना खत्म होने से पहले ही उनका माइक बंद हो गया। शिल्पा ने बैकस्टेज टीम को इशारा किया, जिसके बाद उन्हें दूसरा माइक दिया गया।

शिल्पा राव की परफॉर्मेंस बीच में रोकी, दो बार बंद किया माइक; दर्शकों ने लगाए ‘शिल्पा-शिल्पा’ के नारे

इसके बाद उन्होंने ‘तेरे हवाले’, ‘कलंक’ का टाइटल ट्रैक, ‘खुदा जाने’ और ‘वो अजनबी’ जैसे गीत गाए। फिल्म ‘सैयारा’ के गीत ‘बर्बाद’ के दौरान द रिश भी उनके साथ स्टेज पर पहुंचे। शिल्पा ने फिल्म ‘देवरा’ का गीत ‘छुट्टमल्ले’ भी प्रस्तुत किया।

कुटले खान की प्रस्तुति शुरू होते ही बुझी मेन स्टेज की लाइट

‘छुट्टमल्ले’ के बाद शिल्पा अगले गीत की तैयारी कर रही थीं। इसी दौरान मेन स्टेज की लाइट बंद हो गई और उनका माइक भी बंद कर दिया गया। ठीक उसी समय दूसरे स्टेज पर रोशनी हुई और कुटले खान ने प्रस्तुति शुरू कर दी। कुछ देर बाद दर्शकों को स्थिति का अंदाजा हुआ। उन्होंने शिल्पा के समर्थन में ‘शिल्पा-शिल्पा’ के नारे लगाने शुरू कर दिए और उनकी प्रस्तुति पूरी कराने की मांग की। दर्शकों के विरोध के बाद शिल्पा का माइक दोबारा चालू किया गया। उन्होंने कुटले खान से कहा, “कुटले जी, मैं एक लाइन बोलकर निकल जाऊंगी, ठीक है? आप बहुत अच्छा गा रहे हो। आप बहुत सही गा रहे हो।”

शिल्पा राव की परफॉर्मेंस बीच में रोकी, दो बार बंद किया माइक; दर्शकों ने लगाए ‘शिल्पा-शिल्पा’ के नारे

शिल्पा ने दर्शकों से कहा कि वह सिर्फ अलविदा कहना चाहती हैं और बिना बाय कहे नहीं जा सकतीं। उन्होंने कहा, “वो नहीं गाने दे रहे।” इसके बाद उन्होंने दर्शकों का आभार जताते हुए कहा कि लोगों ने उनकी प्रस्तुति के 15-20 मिनट शानदार बना दिए। उन्होंने यह भी कहा कि लंबे समय बाद मुंबई में परफॉर्म किया है। हालांकि, वह अपनी बात पूरी कर पातीं, इससे पहले उनका माइक फिर बंद कर दिया गया। इसके बाद वह स्टेज से चली गईं।

शिल्पा बोलीं- आज रात हमारा किस्सा अधूरा रह गया

कार्यक्रम के बाद शिल्पा राव ने इंस्टाग्राम पर अपनी भावनाएं जाहिर कीं। उन्होंने लिखा, “मुंबई, आज रात मेरे दिल का एक छोटा-सा हिस्सा टूट गया। हमसे इतनी खूबसूरत चीज इस तरह छीन ली गई, यह बहुत दुख देता है।” उन्होंने आगे लिखा कि म्यूजिक रुकने के बाद भी दर्शकों का प्यार नहीं रुका। शिल्पा के मुताबिक, जिस तरह लोग उनका नाम पुकारते रहे, वह उनके प्यार को महसूस कर सकती थीं। उन्होंने लिखा, “आज रात हमारा किस्सा अधूरा रह गया। मैं वादा करती हूं, मैं वापस आऊंगी। आई लव यू, मुंबई। हमेशा और हमेशा।”

आयोजकों ने देरी और समय की पाबंदी को बताया वजह

घटना के बाद आयोजकों ने सोशल मीडिया पर बयान जारी कर माफी मांगी। उन्होंने कहा कि पहले की प्रस्तुतियां निर्धारित समय से अधिक चलीं, जिससे कार्यक्रम में देरी हुई। स्थानीय प्रशासन के नियमों और वेन्यू की समय-सीमा के कारण शिल्पा राव की प्रस्तुति निर्धारित समय से पहले समाप्त करनी पड़ी। आयोजकों ने शिल्पा राव की कला और संगीत में उनके योगदान के प्रति सम्मान जताते हुए कहा कि उन्हें, उनकी टीम और प्रशंसकों को हुई परेशानी के लिए वे खेद व्यक्त करते हैं।

AICWA ने की घटना की निंदा

ऑल इंडियन सिने वर्कर्स एसोसिएशन (AICWA) ने भी शिल्पा राव के साथ हुए व्यवहार की निंदा की है। एसोसिएशन ने कहा कि यदि शिल्पा इस मामले में कानूनी कार्रवाई करती हैं, तो वह उनका समर्थन करेगा। साथ ही, आयोजकों से कलाकारों के सम्मान और गरिमा का ध्यान रखने की अपील की गई।

Share this news

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *