(रणभेरी): आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे पर शनिवार सुबह तेज रफ्तार क्रेटा कार अनियंत्रित होकर डिवाइडर से जा टकराई। टक्कर के बाद कार कई बार पलटते हुए सड़क किनारे जा गिरी। हादसे में कार सवार तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो लोग घायल हो गए। दुर्घटना डौकी थाना क्षेत्र में सुबह करीब सात बजे हुई।
पुलिस के अनुसार, हादसे के समय कार की रफ्तार करीब 140 किलोमीटर प्रति घंटा थी। कार में पांच लोग सवार थे और सभी दिल्ली से बलिया जा रहे थे। दुर्घटना में जान गंवाने वाले तीनों यात्री पिछली सीट पर बैठे थे। टक्कर और पलटने के दौरान वे कार से बाहर निकलकर एक्सप्रेसवे के नीचे खाई में जा गिरे। सिर में गंभीर चोट लगने के कारण उनकी मौत हो गई।

सीट बेल्ट ने बचाई आगे बैठे दोनों यात्रियों की जान
कार चला रहे जसवंत और उनके साथ आगे बैठे चंद्रकांत ने सीट बेल्ट लगा रखी थी। टक्कर के बाद कार के एयरबैग खुल गए और दोनों युवक सीट तथा एयरबैग के बीच फंस गए। इससे उन्हें गंभीर हादसे के बावजूद जान बचाने में मदद मिली। दोनों को उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया।
यूपीडा के सुरक्षा अधिकारी राधा मोहन द्विवेदी के मुताबिक, टक्कर के बाद कार कई फीट तक हवा में उछली और फिर सड़क पर कई बार पलटती हुई डिवाइडर से जा भिड़ी। दुर्घटना इतनी भीषण थी कि कार का अगला और पिछला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। वाहन के दोनों तरफ के हिस्से भी पिचक गए और उसके पहिए तक अलग हो गए।
मृतकों की पहचान
हादसे में जान गंवाने वालों की पहचान जयप्रकाश, भूपेंद्र और कपिल के रूप में हुई है। वहीं, घायल जसवंत और चंद्रकांत का इलाज कराया जा रहा है। दुर्घटना के बाद पुलिस और एक्सप्रेसवे सुरक्षा टीम मौके पर पहुंची। क्षतिग्रस्त कार को हटाने के लिए क्रेन मंगाई गई, जिसके बाद यातायात को व्यवस्थित किया गया।
