लंका में परिवार की कार रोककर मारपीट: बाइक-स्कूटी सवार युवकों ने किया पीछा, V-2 मॉल के पास रास्ता रोककर हमला

लंका में परिवार की कार रोककर मारपीट: बाइक-स्कूटी सवार युवकों ने किया पीछा, V-2 मॉल के पास रास्ता रोककर हमला

वाराणसी (रणभेरी): लंका थाना क्षेत्र में 24 सितंबर की रात एक परिवार के साथ मारपीट किए जाने का मामला सामने आया है। महामना पुरी कॉलोनी निवासी परिवार ने आरोप लगाया है कि कुछ युवकों ने पहले उनकी कार का पीछा किया और बाद में वी-2 मॉल के पास स्कूटी लगाकर रास्ता रोक दिया। इसके बाद कार में तोड़फोड़ करने के साथ परिवार के सदस्यों के साथ मारपीट की गई।

परिवार के मुताबिक घटना रात करीब 10:30 बजे की है। विजय कुमार अपनी पत्नी संध्या, 15 वर्षीय बेटे हार्दिक और अन्य परिजनों के साथ अशोकपुरम कॉलोनी स्थित अपने बहनोई के घर से लौट रहे थे। कर्मवीर तिराहे के पास पहुंचने के बाद बाइक और स्कूटी सवार युवकों ने उनकी कार का पीछा करना शुरू कर दिया।

वी-2 मॉल के पास रोकी कार

पीड़ित परिवार का कहना है कि कार जब लंका की ओर बढ़ रही थी, तभी वी-2 मॉल के नजदीक स्कूटी सवार युवकों ने कार के सामने स्कूटी खड़ी कर रास्ता रोक दिया। आरोप है कि इसके बाद युवकों ने कार पर लात-घूंसों से हमला किया, जिससे कार का अगला शीशा क्षतिग्रस्त हो गया। परिवार का आरोप है कि विरोध करने पर हमलावरों ने कार के अंदर मौजूद महिलाओं और बच्चों को भी बाहर खींच लिया और उनके साथ मारपीट की।

महिला और किशोर के साथ भी मारपीट का आरोप

मारपीट में संध्या की उंगली में चोट आने और फ्रैक्चर होने की बात परिवार ने कही है। उनके कपड़े फटने का भी आरोप लगाया गया है। वहीं, 15 वर्षीय हार्दिक के साथ भी मारपीट किए जाने की शिकायत की गई है। विजय कुमार के घायल होने की बात भी परिजनों ने बताई है।

पुलिस ने कराया मेडिकल

घटना की जानकारी मिलने के बाद परिवार लंका थाने पहुंचा। पुलिस की ओर से विजय कुमार और उनकी पत्नी संध्या का मेडिकल कराया गया। पीड़ित परिवार ने पुलिस से घटना की जांच कर आरोपित युवकों की पहचान और उनके खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।

परिजनों ने कर्मवीर तिराहे से लंका मार्ग पर रात के समय पुलिस गश्त बढ़ाने की मांग भी की है। पुलिस के अनुसार मामले में जांच और मेडिकल रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Share this news

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *