(रणभेरी): राजधानी में होने वाली रामलीला इस वर्ष आधुनिक तकनीक और भव्य मंच सज्जा के साथ दर्शकों के सामने प्रस्तुत की जाएगी। खास बात यह है कि मिस यूनिवर्स इंडिया 2026 केजिया लिज मेजो माता सीता की भूमिका निभाती नजर आएंगी। दिल्ली के कॉन्स्टिट्यूशन क्लब परिसर स्थित मावलंकर हॉल में रामलीला का मंचन 10 से 20 अक्टूबर तक किया जाएगा।
आयोजन को आकर्षक बनाने के लिए बड़े-बड़े सेट, एलईडी स्क्रीन और अत्याधुनिक तकनीक का इस्तेमाल किया जाएगा। आयोजकों का कहना है कि तकनीक की मदद से रामायण काल यानी त्रेतायुग के प्रमुख प्रसंगों को मंच पर प्रभावी ढंग से प्रस्तुत किया जाएगा।
जनवरी में होगी अयोध्या की रामलीला
रामलीला के संस्थापक एवं अध्यक्ष सुभाष मलिक के मुताबिक, अयोध्या में पिछले सात वर्षों से इस आयोजन का सिलसिला जारी है। उनका कहना है कि देश के साथ-साथ विदेशों में भी रामलीला को दर्शकों का व्यापक समर्थन मिला है। इस वर्ष अयोध्या में रामलीला का आयोजन जनवरी में किए जाने की तैयारी है।
आयोजकों के अनुसार, पिछले वर्ष रामलीला के कार्यक्रमों को ऑनलाइन और ऑफलाइन माध्यमों से करीब 62 करोड़ दर्शकों तक पहुंचने का दावा किया गया था। इस बार भी आयोजन को बड़े स्तर पर आयोजित करने की तैयारियां चल रही हैं।

रवि किशन निभाएंगे श्रीराम की भूमिका
इस वर्ष रामलीला में मनोरंजन जगत से जुड़े कई चर्चित चेहरे अलग-अलग पात्रों का अभिनय करेंगे। अभिनेता और सांसद रवि किशन भगवान श्रीराम की भूमिका में दिखाई देंगे।
भोजपुरी अभिनेता एवं सांसद मनोज तिवारी भी रामलीला में एक महत्वपूर्ण किरदार निभाएंगे। वहीं अरुण बख्शी रावण, बिंदु दारा सिंह कुंभकरण, अवतार गिल मेघनाद और पुनीत इस्सर परशुराम की भूमिका निभाएंगे। अभिनेता रजा मुराद सहित अन्य कलाकार भी विभिन्न पात्रों का मंचन करते नजर आएंगे।
आयोजन समिति के अध्यक्ष सुभाष मलिक ने कहा कि हर वर्ष की तरह इस बार भी रामलीला को भव्य स्वरूप देने की तैयारियां की जा रही हैं। समिति के अनुसार इस बार दिल्ली में भगवान श्रीराम की कथा को बड़े मंच और आधुनिक प्रस्तुति के साथ दर्शकों तक पहुंचाने की योजना है। आयोजन समिति में सुभाष मलिक संस्थापक एवं अध्यक्ष, शुभम मलिक महासचिव और जतिन मलिक उपाध्यक्ष की जिम्मेदारी संभाल रहे हैं।
