वाराणसी (रणभेरी): थाना क्षेत्र के पुरानपट्टी गांव में एक व्यक्ति की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत के बाद सोमवार को जमकर हंगामा हुआ। मृतक के घर पर 20 से 25 महिलाओं समेत आक्रोशित ग्रामीणों की भीड़ ने हमला बोल दिया। आरोप है कि भीड़ ने घर में घुसकर तोड़फोड़ और मारपीट की। जान बचाने के लिए कमरे में छिपीं तीन महिलाओं को जिंदा जलाने की नीयत से दरवाजे पर केरोसिन छिड़ककर आग लगाने का प्रयास किया गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए कमरे में फंसी महिलाओं को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। पुलिस की सक्रियता से बड़ा हादसा टल गया।
इलाज के दौरान हुई थी दिलीप राजभर की मौत
जानकारी के अनुसार, पुरानपट्टी गांव निवासी दिलीप राजभर की इलाज के दौरान मौत हो गई थी। उनकी मौत को लेकर भाइयों ने संदेह जताते हुए पुलिस से शिकायत की थी। इसके बाद पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा था। इसी मामले को लेकर गांव में तनाव बढ़ता चला गया। सोमवार को दिलीप की मौत के लिए उनकी पत्नी बसंती देवी को जिम्मेदार ठहराते हुए बड़ी संख्या में महिलाएं उनके घर के बाहर जुट गईं और नारेबाजी करने लगीं।
घर में घुसकर की तोड़फोड़, कमरे के बाहर छिड़का केरोसिन
पीड़िता बसंती देवी के मुताबिक, 20 से 25 महिलाओं की भीड़ जबरन उनके घर में घुस आई। इसके बाद घर में तोड़फोड़ और मारपीट शुरू कर दी गई। हमलावरों से बचने के लिए बसंती देवी ने अपनी बेटी और बहू के साथ खुद को एक कमरे में बंद कर लिया। आरोप है कि इसके बाद भीड़ ने कमरे के दरवाजे पर मिट्टी का तेल छिड़ककर आग लगाने का प्रयास किया। इससे घर के अंदर मौजूद महिलाओं की जान पर बन आई।
पुलिस ने सुरक्षित निकाला, कई थानों की फोर्स तैनात
घटना की सूचना मिलते ही चौबेपुर थाना प्रभारी निरीक्षक अनिल कुमार शर्मा भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने स्थिति को नियंत्रित करते हुए उग्र भीड़ को मौके से खदेड़ा और कमरे में बंद तीनों महिलाओं को सुरक्षित बाहर निकाला। घटना की गंभीरता को देखते हुए गांव में कई थानों की पुलिस फोर्स तैनात कर दी गई।
थाना प्रभारी अनिल कुमार शर्मा ने बताया कि बसंती देवी की तहरीर पर नामजद आरोपियों और 20 से 25 अज्ञात महिलाओं के खिलाफ मुकदमा दर्ज करने की कार्रवाई की जा रही है। मामले की निष्पक्ष जांच कर हिंसा और उपद्रव में शामिल लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल गांव में स्थिति सामान्य और पुलिस की निगरानी में शांति व्यवस्था कायम है।
