वाराणसी (रणभेरी): काशी की गलियों में जब बाबा की सवारी निकलती है तो आस्था केवल मंदिरों तक सीमित नहीं रहती, वह हर दरवाजे, हर चौखट और हर हृदय तक पहुंच जाती है। अन्नकूट पर्व पर भी ऐसा ही अद्भुत दृश्य साकार हुआ। टेढ़ीनीम स्थित श्रीकाशी विश्वनाथ मंदिर के महंत आवास से बाबा की चल रजत प्रतिमा की शोभायात्रा निकली तो काशी की फिजा भक्ति के रंग में रंग गई। मृदंगम की थाप, पीएसी बैंड की मधुर धुन और हर-हर महादेव के जयघोष के बीच बाबा की सवारी आगे बढ़ी तो विश्वनाथ गली का हर कोना श्रद्धा से नतमस्तक हो उठा।
अन्नकूट पर बाबा की चल रजत प्रतिमा का विशेष श्रृंगार किया गया। काजू, किशमिश, बादाम, लौंग और इलायची की मालाओं से बाबा को सजाया गया। मेवों की मालाओं से सजी प्रतिमा का स्वरूप इतना मनोहारी था कि दर्शन करने वाले श्रद्धालु अपलक निहारते रह गए। श्रृंगार में भक्ति के साथ काशी की विशिष्ट परंपरा की झलक भी दिखाई दी। पं सुशील त्रिपाठी के आचार्यत्व में संजीव रत्न मिश्र भानु ने विधि-विधान से बाबा की प्रतिमा का श्रृंगार किया, पूजन-अर्चन किया और आरती उतारी। इसके बाद बाबा को शोभायात्रा के लिए तैयार किया गया।
शिव आराधना के साथ गूंजी रामभक्ति की धुन
शोभायात्रा की रवानगी से पहले महंत आवास पर 36वीं वाहिनी पीएसी के बैंड ने अपनी प्रस्तुतियों से भक्ति का समां बांधा। विनोद कुमार सिंह के नेतृत्व में पहुंचे बैंड ने ‘ओम नम: शिवाय’ की धुन बजाई तो पूरा परिसर शिवमय हो उठा। इसके बाद ‘श्री राम जानकी बैठे हैं मेरे सीने में’ की धुन ने वातावरण में रामभक्ति का रस घोल दिया। एक ओर भगवान शिव की आराधना का स्वर था तो दूसरी ओर मर्यादा पुरुषोत्तम श्रीराम के प्रति समर्पण की धुन। इन स्वर लहरियों के बीच श्रद्धालु भावविभोर होते रहे। महंत आवास में गूंजती बैंड की धुनें मानो बाबा के प्रति भक्तों की भावनाओं को स्वर दे रही थीं।
इसके बाद मृदंगम की थाप और पीएसी बैंड की धुन के साथ बाबा की चल रजत प्रतिमा की शोभायात्रा निकली। आगे-आगे बैंड की मधुर स्वर लहरियां और उनके साथ श्रद्धा से निहाल भक्त। शोभायात्रा जैसे-जैसे महंत आवास से आगे बढ़ी, बाबा के दर्शन की उत्सुकता भी बढ़ती गई।
विश्वनाथ गली में थम गए कदम, जुड़ गए हाथ
बाबा की रजत प्रतिमा विश्वनाथ गली में पहुंची तो नजारा देखते ही बन रहा था। मृदंगम की थाप और पीएसी बैंड की धुन के बीच बाबा की सवारी आगे बढ़ रही थी। गली में जो जहां था, वहीं ठहर गया। दुकानों पर बैठे दुकानदार हों या खरीदारी कर रहे लोग, राह चलते श्रद्धालु हों या अपने काम में व्यस्त स्थानीय निवासी, हर किसी के कदम कुछ पल के लिए थम गए। हाथ स्वत: जुड़ गए और सिर श्रद्धा से झुक गए। कोई अपलक बाबा की प्रतिमा को निहार रहा था तो कोई मन ही मन अपने आराध्य से सुख-समृद्धि और मंगल की कामना कर रहा था।
बाबा की एक झलक पाने के लिए श्रद्धालुओं की निगाहें सवारी पर टिकी रहीं। कहीं हाथ जोड़कर नमन करते भक्त दिखे तो कहीं हर-हर महादेव का उद्घोष करते श्रद्धालु। बैंड की धुन और जयघोष के बीच विश्वनाथ गली का पूरा वातावरण शिवमय हो गया। ऐसा लग रहा था मानो काशी की हर सांस अपने आराध्य के स्वागत में रमी हो। बाबा की सवारी के गुजरने के साथ गलियों में गूंजता जयघोष श्रद्धालुओं के मन में भक्ति का भाव और गहरा करता रहा।
गर्भगृह में विराजे बाबा, उतारी गई आरती
रामनगर से आई 36वीं वाहिनी पीएसी का बैंड शोभायात्रा के साथ मंदिर चौक तक पहुंचा। इसके बाद बाबा की चल रजत प्रतिमा को विधि-विधान से श्रीकाशी विश्वनाथ मंदिर के गर्भगृह में विराजमान कराया गया। यहां संजीव रत्न मिश्र भानु ने बाबा की आरती उतारी और परंपरागत पूजन-अर्चन संपन्न कराया। अन्नकूट पर्व पर महंत आवास से मंदिर के गर्भगृह तक चली इस धार्मिक परंपरा में श्रद्धालुओं ने भी पूरी श्रद्धा के साथ सहभागिता की।
महंत परिवार में वंशवृद्धि के कारण इस वर्ष अन्नकूट और पूजन की पारंपरिक जिम्मेदारी संजीव रत्न मिश्र भानु ने निभाई। उन्होंने बाबा की प्रतिमा के श्रृंगार, पूजन और आरती की रस्म पूरी श्रद्धा से संपन्न की। परिवार में पीढ़ियों से चली आ रही इस परंपरा का निर्वहन काशी की धार्मिक विरासत को आगे बढ़ाने जैसा रहा। शोभायात्रा में मनोज शर्मा बाबा का दण्ड ऋषि झिंगरन चवर व पुनित जेतली पागल बाबा छत्र लेकर चल रहे थे।
अन्नकूट की इस शोभायात्रा में मेवों की मालाओं से सजे बाबा का दिव्य स्वरूप, पीएसी बैंड की भक्तिमय प्रस्तुतियां और विश्वनाथ गली में श्रद्धालुओं का भावपूर्ण नमन एक साथ दिखाई दिया। यह केवल एक धार्मिक आयोजन नहीं, बल्कि काशी और बाबा विश्वनाथ के उस आत्मीय संबंध की अभिव्यक्ति थी, जिसमें आराध्य के दर्शन के लिए किसी विशेष निमंत्रण की जरूरत नहीं होती। बाबा की सवारी निकलती है तो काशी का हर व्यक्ति स्वयं ही श्रद्धा के साथ उनके स्वागत में खड़ा हो जाता है।
