महंत आवास से निकली बाबा विश्वनाथ की पालकी यात्रा, डमरूदल की गूंज के बीच भक्तिमय हुआ शिवमय काशी का वातावरण
वाराणसी (रणभेरी): श्री काशी विश्वनाथ धाम में अन्नकूट पर्व परंपरागत श्रद्धा, भक्ति और उल्लास के साथ मनाया गया। इस अवसर पर महंत आवास टेढ़ीनीम से बाबा विश्वनाथ की भव्य पालकी यात्रा निकाली गई। पालकी यात्रा के दौरान उमड़ी श्रद्धालुओं की भीड़ और डमरूदल की डमडम से पूरी काशी शिवमय नजर आई। हर ओर बाबा के जयकारों से वातावरण भक्तिमय हो उठा।
श्री काशी विश्वनाथ मंदिर के महंत वाचस्पति तिवारी ने बताया कि इस वर्ष परिवार में वंश वृद्धि होने के कारण महंत परिवार की ओर से परंपरा का निर्वहन नहीं किया गया। इसके स्थान पर शिवांजलि के संयोजक संजीव रत्न मिश्र और मनोज शर्मा ने इस परंपरा को आगे बढ़ाया।

बाबा विश्वनाथ का विशेष श्रृंगार करने के बाद पालकी यात्रा पारंपरिक मार्ग से निकाली गई। यात्रा टेढ़ीनीम, साक्षी विनायक, ढुंढिराज गणेश और मां अन्नपूर्णा मंदिर होते हुए श्री काशी विश्वनाथ धाम पहुंची। यहां विधि-विधान से बाबा को धाम में विराजमान कराया गया।
इसके बाद बाबा विश्वनाथ को छप्पन प्रकार के पकवानों का भोग अर्पित किया गया। अन्नकूट की परंपरा पूर्ण होने के बाद श्रद्धालुओं के दर्शन-पूजन के लिए बाबा के पट खोल दिए गए। इस दौरान श्रद्धालुओं में विशेष उत्साह देखने को मिला। परंपरा, आस्था और भक्ति के इस संगम ने काशी की धार्मिक विरासत की जीवंत झलक प्रस्तुत की।

